कहा- केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से चिंतित, सरकार कर रही रास्ता निकालने का प्रयास
नोएडा. भारतीय जनता पार्टी के चार साल की उपलब्धियों का बखान करने के लिए नोएडा के सेक्टर-27 प्रेसवार्ता का आयोजन कर केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शेर बताते हुए कहा कि 20 गीदड़ मिलकर भी एक शेर का शिकार नहीं कर सकते हैं। इसलिए कर्नाटक में विपक्षी एकता का असर केंद्र सरकार यानी 2019 के चुनाव पर पड़ता नहीं दिख रहा है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
नोएडा के सेक्टर-27 में मीडिया से बातचीत करते डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पिछले चार साल में गौतमबुद्ध नगर में एतिहासिक कार्य हुए हैं। बॉटेनिकल गार्डन का जीर्णोधार का पहला चरण नंवबर में पूरा हो जाएगा। यह प्रोजेक्ट 400 करोड़ का है। ओखला पक्षी विहार का जीर्णोधार 40 करोड़ से हो रहा है। इसे भी नवंबर में पूरा कर लिया जाएगा। 286 करोड़ की लागत से ग्रेटर नोएडा में बन रहे सास्कृतिक केंद्र का काम भी नवंबर तक पूरा हो जाएगा। खुर्जा में पावर प्लाट का काम अंतिम चरण में है। ग्रेटर नोएडा में 40 करोड़ की लागत से बन रहे म्यूजियोलॉजी संस्थान का निर्माण भी नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
इस मौके पर नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि चिल्ला रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक बनने वाले 55 किलोमीटर एलिवेटेड रोड से दिल्ली से आगरा और दिल्ली से लखनऊ तक का सफर बगैर रेड लाइट के पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से चिंतित है। सरकार इसका रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार भी विकास के लिए कार्य कर रही है। प्राधिकरण में काम नहीं कर रहे अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।