
-गुलाब कोठारी
पिछले 50 वर्षों से राजस्थान की सियासत की मुखौटेबाजी देख रहा हूं। जो सबसे बड़ा परिवर्तन राजनीति में आया, वह यह कि सत्ता ने शुद्ध व्यापार का रूप ले लिया है। धन का तांडव माफिया के हाथों में पहुंच गया है। यहां तक कि राजनेता, मंत्री, मुख्यमंत्री भी उनकी पकड़ से बाहर नहीं रह गए। लगने तो यह लगा है कि मानो दोनों मिलकर सरकार चला रहे हैं। उदाहरणस्वरूप, सरकार नशामुक्ति आंदोलन चला रही है। कौन-सा नशा? जिसको पिछली कांग्रेस सरकार ने पनाह दे रखी थी। प्रदेश के नशा माफिया को मंत्री पद दे रखा था। शराब में नशा होता ही नहीं। गली-गली अभियान चलाकर आय बढ़ाने में उपयोग हो रहा है। कौन विश्वास करेगा?
चारों ओर झूठ-लीपापोती, संविधान को तार-तार करने का दुस्साहस। लंका में सब 52 गज के। प्रदेश के लिए दोनों पार्टियों की सरकारें समान रूप से भ्रष्टों से घिरी नजर आती हैं। एक राजवंश की बेटी के राज में जितना लूटा गया, उतना ही आज ‘रंक’ के राजगद्दी पर आने के बाद उनके शासन में लूटा जा रहा है। सत्ता में आते ही सब अभावग्रस्त हो जाते हैं। बीच में एक ‘जादूगर’ कांग्रेस की अवहेलना करके भी शासन कर गया। भीतर दोनों मिलकर चल रहे हैं। प्रदेश बिक रहा है।
मंत्रियों की दुर्दशा जगजाहिर है। मदन दिलावर, झाबर सिंह खर्रा से लेकर प्रेमचंद बैरवा, गजेंद्र सिंह खींवसर व राज्यवर्धन सिंह राठौड़…कोई भी नाम ले लें…जमीन पर पांव नहीं हैं। हमने गलती से एक शिखर अग्रवाल को पकड़ लिया। हर विभाग में एक से अधिक शिखर अग्रवाल सरकार के आश्रय में पल रहे हैं। मैंने ऐसा भी सुना है कि कुछ को तो सत्ता के शीर्ष का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस अधिकारी एडीजी आनंद श्रीवास्तव का मामला तो जयपुर-दिल्ली के बीच आज भी न्यायपालिका में है। मुख्यमंत्री उन्हें ही सौंपना चाहते हैं। एक बार असफल भी हो चुके हैं। दिल्ली की अनसुनी भी कर चुके हैं। ये पुलिस अधिकारी अधिकृत रूप से भी तीनों ही मुख्यमंत्रियों की आंखों का तारा रहे हैं।
यह इस प्रदेश का दुर्भाग्य ही है कि आधे से ज्यादा मंत्रिमंडल न राज्य को समझ पाता है, न ही अपने विभाग को। रुतबा सबका बराबर। काम अधिकारी करें। माल दोनों बांटें। आज 80 साल बीतने के बाद भी हम प्रतिनिधियों की योग्यता ही तय नहीं कर पाए। हमने तो अंगूठाछाप मंत्री श्रीमती गोलमा देवी भी देखी। सजावटी नेता भी देखे। पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक आज भी राज पर भारी पड़ रहे हैं। हारने पर भी किसी का रुतबा कम नहीं होता। मुख्यमंत्री पद से हटकर विधायक के रूप में सदन में बैठना ही नहीं चाहते। सोशल मीडिया पर भले ही मॉडलिंग कर लें, जनता के किसी मुद्दे को सार्वजनिक रूप से नहीं उठाते।
तीनों सरकारों को देखने-समझने के बाद एक बात बहुत स्पष्ट हो जाती है कि आज कोई नेता, मंत्री या अधिकारी न राज्य के लिए काम करता है, न ही किसी दल के लिए। वे स्वयं के लिए कार्य करते ही दिखाई दे रहे हैं। अपराधबोध तो रहा ही नहीं।
एक जे.डी.सी. सिद्धार्थ महाजन राजस्थान उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ 600 से अधिक गांवों में कार्य करवा रहे हैं। पूरे गुलाबी नगर में बहुमंजिला भवनों की सूची बढ़ रही है। शहरों में अवैध वाहन चालक, बजरी खनन, अवैध शराब व मिलावट- आबकारी आयुक्त, परिवहन आयुक्त, नगर परिषद आयुक्त व खाद्य विभाग कहीं हाथ डालकर तो देखें। सरकार के आश्रय में दलाल और माफिया ही नजर आते हैं। इनमें परिजन भी जुड़ जाते हैं।
हाल ही में जो चुनाव हुए, उनमें निकायों में 54% सीटें महिलाओं को मिलीं। इनमें भाजपा को 311 तथा कांग्रेस को 262 सीटें मिली थीं। तब मैंने लिखा था कि अगले चुनावों में सरकार को मुंह की खानी पड़ेगी। विधायी चुनावों में भी कोई भ्रष्ट नहीं जीतेगा। आज भी निकायों में 260 महिला प्रतिनिधि निरक्षर हैं। पंचायत समिति चुनाव में 2,355 निरक्षर महिलाएं हैं। 2,520 बारहवीं पास हैं। तब काम कौन करेगा? एक तरफ 21वीं सदी का दौर और एआई का युग भी। देखा नहीं, हाल ही में राज्य सरकार ने संवैधानिक पदों पर अधिकारियों को बैठा दिया था! ये अपनी जवाबदेही मानते ही नहीं। इनको भ्रष्टाचारमुक्त रखने का ‘काला कानून’ आज भी जिंदा है। वसुंधरा, अशोक गहलोत युग के भ्रष्टाचारी आज भी उंगलियों पर ताव देकर घूम रहे हैं।
आज सत्ता-संगठन के भेद भी समाप्त हो चुके हैं। भाजपा संघ की राजनीतिक इकाई है। मोहन भागवत के नीचे है। आज भाजपा गौण और संघ ही मुखर होता जा रहा है। सत्ता भोग का स्वर्ग बनी हुई है। पिछले दस-पंद्रह दशकों में जो आचरण, चरित्र और सामाजिक व्यवहार में गिरावट आई है, वह अति कठोर मर्यादा के दबाव का ही परिणाम जान पड़ता है। अपनी गलती मान लेना सत्ता के अहंकार को स्वीकार ही नहीं होता। पवित्र संगठन का पथ संचलन मानो गोधूलि से गुजर रहा है।
आज भी हमारी 70% आबादी गांवों में रहती है। चुनाव में भाजपा ने वहां अपनी जमीन खो दी है। हार-जीत साधारण बात है। मुख्य बात है इसके कारणों को समझ पाना। किसको जरूरत है! कौन भाजपा, कौन राजस्थान। रिपोर्ट मांगेंगे, जांचें चलती रहेंगी। अगले पांच दशकों में किसी भी हारने वाले की आंखों में न आंसू होंगे, न ही शर्म। हां, सत्ता का अट्टहास उनके चेहरे पर जरूर होगा। जैसे रामगढ़ बांध में जलभराव की घोषणा पर सरकार के मुखिया का अट्टहास! परबतसर में भाजपा प्रत्याशी को एक वोट आना क्या दर्शाता है? जनता हराती नहीं है, बेआबरू कर बाहर करती है। खेद है कि लगती किसी के नहीं है।
हमारा दुर्भाग्य है कि हमने ऐसी सरकार को ही चुना है। इसके गठन के समय ऊपर से नीचे तक अनुभव और जनता के बीच लोकप्रियता के मुद्दों को स्थगित कर दिया गया था। मुखिया ने सरकार संभालते ही मित्रों के स्थान पर दुश्मन ज्यादा बढ़ाए। समकक्ष लोगों को साथ लेकर नहीं चले। पार्टी में बिखराव आ गया। सत्ता के कई केंद्र बन गए। मंत्रिमंडल अनुभवहीन, नकारा लोगों के हाथ पड़ा- जो अफसरों से मिलकर स्वार्थ सिद्धि में लग गए। आरक्षित वर्ग का धड़ा भी बहुत मुखर हो गया। सरकार की आलोचना होती गई, होती गई। आश्वासनों की भरमार और राज्य में जलस्रोतों को सुखाने का परोक्ष अभियान- कोर्ट की अवमानना भी होती रही, तारीखों के सहारे अतिक्रमण भी होते रहे। सरकार सबमें साथ रही।
सरकार आर्थिक रूप से डूबती जा रही है। कांग्रेस शासन में ही कर्ज लेकर कर्मचारियों को वेतन देने की परंपरा चल पड़ी थी। अशोक गहलोत दो बार संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की घोषणा करके भी छलावा कर गए। फिर भी बजट में वेतन, ब्याज और पेंशन के बाद विकास के लिए कुछ नहीं बचता। बाकी काम ठेके पर। आने वाले युग में कहीं भी ऐसी सरकार नहीं चलेगी, जिसकी आंखों पर जाले आ गए हों और भविष्य दिखाई नहीं देता, कौरव सेना पासे फेंककर चीर हरण करती रही। इनको तो धिक्कारना ही श्रेष्ठ है।
-gulabkothari@epatrika.com