अन्य खेल

Doha Diamond League 2026: चोट के बाद पहली बार एक्शन में दिखेंगे नीरज चोपड़ा, जानें कब, कहां और कैसे देख सकते हैं दोहा डायमंड लीग

नीरज चोपड़ा को पिछले साल टोक्यो वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान पीठ में चोट लग गई थी, जिसके बाद वे काफी लंबे समय तक मैदान से दूर रहे। दोहा डायमंड लीग 2026 से नीरज अपने नए एथलेटिक्स सीजन की शुरुआत करेंगे।

2 min read
Jun 19, 2026
Neeraj Chopra
दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा (Photo Credit- IANS)

Neeraj Chopra, Doha Diamond League 2026 Live Streaming: दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा आज यानि 19 जून को दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे। पीठ की चोट से पूरी तरह उबरने के बाद यह उनकी पहली प्रतियोगिता होगी। कतर स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित दोहा डायमंड लीग 2026 से नीरज अपने नए एथलेटिक्स सीजन की शुरुआत करेंगे।

कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए नीरज को क्वालीफाई करना होगा

नीरज चोपड़ा को पिछले साल टोक्यो वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान पीठ में चोट लग गई थी, जिसके बाद वे काफी लंबे समय तक मैदान से दूर रहे। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए प्रोविजनल टीम में जगह दी है। ऐसे में दोहा डायमंड लीग में उनका प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है। अगर यहां वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो कॉमनवेल्थ गेम्स का टिकट लगभग पक्का माना जा सकता है।

दोहा जेवलिन थ्रोअर्स के लिए स्वर्ग जैसा माना जाता है। यहां पिछले कुछ वर्षों में कई रिकॉर्ड थ्रो देखने को मिले हैं। नीरज ने भी पिछले साल यहीं 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था। इसलिए इस बार भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें काफी ऊंची हैं।

नीरज को इन खिलाड़ियों से मिलेगी चुनौती

इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है। नीरज के सामने दुनिया के टॉप थ्रोअर्स होंगे:

  • रुमेश पाथिरागे (श्रीलंका): विश्व नंबर एक रुमेश पथिराजे इस सीजन के सबसे धांसू परफॉर्मर हैं। 23 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर रुमेश ने रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो फेंककर विश्व लीड हासिल की है और अभी तक 90 मीटर का निशान पार करने वाले वे इकलौते एथलीट हैं।
  • केशोर्न वालकॉट (ट्रिनिदाद): 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 88.16 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीतकर सभी को चौंकाने वाले, वालकॉट 2026 में अभी तक 85 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर पाए। रोम डायमंड लीग में 83.45 मीटर का थ्रो उनके इस सीज़न का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा।
  • एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा): पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और नीरज चोपड़ा के कड़े प्रतिद्वंद्वियों में से एक, ग्रेनाडा के इस खिलाड़ी ने इस सीज़न में लगातार 80 मीटर से ज़्यादा का थ्रो किया है। रबात डायमंड लीग में उन्होंने 86.08 मीटर का थ्रो किया था, जो इस सीज़न में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

अन्य प्रतिस्पर्धियों में जूलियस येगो और जैकब वाडलेच को इस सीज़न में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में संघर्ष करना पड़ा है, लेकिन दोहा में अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए वे एक बड़ा थ्रो कर सकते हैं। अमेरिका के वर्ल्ड चैंपियनशिप ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट कर्टिस थॉम्पसन का सीज़न लगातार अच्छा रहा है और वे अपने अच्छे दिन पर एक बड़ा थ्रो करने में सक्षम हैं।

कब, कहां और कैसे देखें दोहा डायमंड लीग

दोहा डायमंड लीग 2026 में पुरुष जेवलिन थ्रो इवेंट भारतीय समय अनुसार आज रात 11:14 बजे शुरू होगा। भारत में इस इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग आधिकारिक यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर देखी जा सकती है।

Published on:
19 Jun 2026 03:52 pm