अन्य खेल

FIFA World Cup 2026: चोट के कारण हैती के खिलाफ मैच से बाहर हो सकते हैं नेमार, मेडिकल टेस्ट में हुआ खुलासा

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील और हैती के बीच फिलाडेल्फिया के मैदान पर होने वाले महामुकाबले से पहले स्टार फुटबॉलर नेमार की चोट पर बड़ा अपडेट आया है। जानिए क्या नेमार इस मैच में खेल पाएंगे?

2 min read
Jun 16, 2026
FIFA World Cup 2026, Neymar injury update, Brazil vs Haiti, Neymar latest news,
नेमार जूनियर (Photo - ESPN)

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील के फैंस के लिए एक बहुत ही परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। क्या दुनिया के सबसे महान फुटबॉलर्स में से एक, नेमार जूनियर, हैती के खिलाफ होने वाले ब्राजील के दूसरे ग्रुप-सी मैच से बाहर हो गए हैं? सोमवार को हुए उनके ताजा मेडिकल टेस्ट के बाद जो रिपोर्ट्स आई हैं, वो तो इसी तरफ इशारा कर रही हैं।

ताजा मेडिकल टेस्ट में क्या निकला?

ब्राजील के मशहूर अखबार ओ ग्लोबो (O Globo) के मुताबिक, 34 साल के नेमार के दाहिने पैर की पिंडली (Calf) में ग्रेड टू का खिंचाव है। सोमवार को इसी चोट को जांचने के लिए उनके नए इमेजिंग टेस्ट और स्कैन किए गए। हालांकि उनकी रिकवरी सही दिशा में चल रही है, लेकिन वो अभी इतनी अच्छी नहीं हुई है कि उन्हें मैदान पर उतरने की मंजूरी दी जा सके।

मैदान से दूर, जिम में पसीना बहा रहे नेमार

ब्राजील फुटबॉल कन्फेडरेशन (CBF) के डॉक्टरों की टीम नेमार पर लगातार नजर रख रही है। नेमार इस समय केवल जिम में हल्की वेट-ट्रेनिंग कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि गेंद के साथ प्रैक्टिस करना तो दूर, नेमार ने अभी तक मैदान पर दौड़ना (On-field conditioning) भी शुरू नहीं किया है। मेडिकल टीम कोई भी जल्दबाजी करके उनकी चोट को और गंभीर नहीं बनाना चाहती।

लगातार चोटों से जूझ रहे हैं...

अक्टूबर 2023 में लगी घुटने की गंभीर चोट (ACL Rupture) के बाद से नेमार ने ब्राजील की नेशनल टीम के लिए एक भी मैच नहीं खेला है। वह लगातार चोटों से परेशान रहे हैं। इसी वजह से वह मोरक्को के खिलाफ ब्राजील का पहला वर्ल्ड कप मैच भी नहीं खेल पाए थे। ब्राजील के लिए 128 मैचों में सबसे ज्यादा 79 गोल करने वाले नेमार का यह चौथा वर्ल्ड कप है, लेकिन चोट उनका पीछा नहीं छोड़ रही है।

आगे की राह और अगला मुकाबला

ब्राजील को अपना अगला मैच शुक्रवार को फिलाडेल्फिया में हैती के खिलाफ खेलना है। इसके बाद 24 जून को मियामी में उनका सामना स्कॉटलैंड से होगा। अब देखना यह होगा कि क्या नेमार स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच तक फिट हो पाते हैं या फैंस को उनके खेल के लिए अभी और लंबा इंतजार करना पड़ेगा।