
Tanvi Sharma, Taipei Open champion: भारत को बैडमिंटन में एक नया सितारा मिल गया है। होशियारपुर की 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने ताइपेई ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने फाइनल में वियतनाम की थुई लिन्ह न्गुयेन को 21-16, 21-16 से हराया। इसी के साथ वे इस खिताब को जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।
ताइपेई ओपन का खिताब जीतकर तन्वी दिग्गज साइना नेहवाल के एक खास क्लब में भी शामिल हो गईं। भारत के लिए आखिरी बार ताइपेई ओपन 2008 में साइना नेहवाल ने जीता था। 18 साल बाद तन्वी ने इस खिताब को वापस भारत लाया है। तन्वी ताइपेई ओपन की सबसे युवा चैंपियन हैं। ताई त्जु-यिंग ने 18 साल 85 दिन की उम्र में यह खिताब जीता था, जबकि तन्वी उससे भी छोटी उम्र में खिताब जीतने वाली शटलर बन गईं।
जीत के बाद खुशी से झूमते हुए तन्वी ने कहा, “बहुत-बहुत खुशी हो रही है। मुझे उम्मीद नहीं थी कि यहां खिताब जीत जाऊंगी। लेकिन सोचा कि अपना बेस्ट दूंगी। मैच दर मैच आगे बढ़ती गई। हर मैच अच्छा खेला। थोड़ा नर्वस जरूर थी, लेकिन सोचा 100 प्रतिशत खेलूंगी। जो मेरा गेम है, वही खेलूंगी और मैंने अपना गेम खेला।”
2026 का अपना पहला और पहला सुपर 300 खिताब जीतते हुए तन्वी ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के दौरान बढ़त गंवाने की उनकी आदत ने खेल में रोमांच पैदा किया, साथ ही उन्होंने बेहतरीन टाइमिंग वाले सीधे स्मैश समेत कई शानदार शॉट्स भी लगाए।