
गौतम गंभीर (फोटो-IANS)
India vs Sri Lanka Test 2026: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से शुरू होगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और कमेंटेटर दीप दासगुप्ता ने गौतम गंभीर को वॉर्निंग दी है। उन्होंने टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हेड कोच गौतम गंभीर और शुभमन गिल पर इस सीरीज में दबाव होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से भारतीय टीम अपने घर पर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड से हारी है, उसके बाद सवाल पूछे जाएंगे।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए दीप दासगुप्ता ने कहा, "हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी देखी है। उसे देखने के बाद मैं यह नहीं कहूंगा कि डर है, लेकिन एक चिंता है। वे उन कंडीशंस में कैसे खेल पाएंगे? क्योंकि वहां स्पिनरों के अनुकूल पिच होगी। श्रीलंका की ताकत स्पिन गेंदबाजी ही है। भारतीय बल्लेबाज उन परिस्थितियों का मुकाबला कैसे करेंगे? बल्लेबाज कैसे खेलेंगे? मेरे हिसाब से, यही सबसे बड़ी चुनौती होने वाली है।"
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा, "मैं गेंदबाजी को लेकर उतना परेशान नहीं हूं। स्पिन विभाग में हमारे पास वॉशिंगटन सुंदर, सारांश जैन और कुलदीप यादव हैं। बल्लेबाजी चिंता का कारण है। हम दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड सीरीज देख सकते हैं। अगर गेंदबाजी के लिए अच्छी पिचें हैं, तो अपने आप अच्छे गेंदबाज भी मिल जाते हैं। सारांश भी आ गया है, जो एक अच्छा ऑफ-स्पिनर है और एक ऐसा इंसान है जो लंबे समय से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहा है। वह अच्छी बल्लेबाजी भी कर सकता है। असल में, टेस्ट मैच में, उसे शायद इसकी उतनी जरूरत न पड़े।"
उन्होंने कहा, "विरोधी टीम को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। कोई भी टेस्ट सीरीज आसान नहीं है। भारतीय टेस्ट टीम एक बदलाव के दौर से गुजर रही है, इसलिए चाहे कुछ भी हो, कोई भी टेस्ट मैच आसान नहीं है। गंभीर से सवाल जरूर पूछे जाएंगे। जब टीम ठीक से नहीं खेलेगी, तो उनसे अलग-अलग सवाल पूछे जाएंगे। टीम के कप्तान से भी सवाल होगा। हम अपने घर में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड से हारे हैं। टीम मैनेजमेंट बदलाव की बात कर रहा है। बदलाव के समय में एक दिशा देखना बहुत जरूरी है। बदलाव, मान लीजिए, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के बाद शुरू हुआ, फिर इंग्लैंड सीरीज आई। मुझे लगता है कि एक दिशा में देखना जरूरी है। मैं थोड़ा कन्फ्यूज हूं कि हम किस दिशा में जा रहे हैं।"
आपको बता दें कि भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की रैंकिंग में 5वें स्थान पर है। अब तक 9 टेस्ट में उसे 4 में जीत मिली है और 4 में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ है। अब टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के साथ पांच, श्रीलंका के साथ दो और न्यूजीलैंड के साथ दो मैच खेलने हैं। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को कम से कम सात मैच जीतने होंगे।
Updated on:
02 Aug 2026 12:08 pm
Published on:
02 Aug 2026 12:08 pm
