OTT

‘बिग बॉस 20’ में फिर भिड़े आसिफ खान और काजी तौकीर, बेड पर चढ़कर हमला करने पहुंचे आसिफ, लोग बोले- इतना आक्रामक क्यों?

Bigg Boss 20 Promo: 'बिग बॉस 20' में एक बार फिर आसिफ खान और काजी तौकीर के बीच हिंसक झड़प देखने को मिली। बहस के दौरान आपा खोकर आसिफ, काजी पर हमला करने के लिए बिस्तर पर चढ़ गए, तो काजी ने आसिफ को "गंदी नाली से बहता दर्द" कहा।
2 min read
Sep 17, 2026
Bigg Boss 20 Asif Khan and Qazi Touqeer got into a heated
'बिग बॉस 20' में आसिफ खान और काजी तौकीर की हुई लड़ाई (Photo Source- Instagram/jiohotstarreality)

Bigg Boss 20 Asif Khan and Qazi Touqeer Fight: रियालिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) का घर अब जंग का मैदान बनता नजर आ रहा है। शो के नए प्रोमो ने इंटरनेट पर आते ही बवाल मचा दिया है, जिसमें घर के दो सबसे चर्चित कंटेस्टेंट- अभिनेता आसिफ खान (Aasif Khan) और सिंगर काजी तौकीर (Qazi Touqeer) एक बार फिर आपस में बुरी तरह भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। पहले भी हाथापाई कर चुके इन दोनों कलाकारों के बीच इस बार की जंग इतनी हिंसक हो गई कि आसिफ आपा खोकर सीधे काजी पर शारीरिक हमला करने के लिए बेड पर चढ़ गए।

काजी तौकीर और आसिफ खान की हुई लड़ाई

जारी किए गए प्रोमो में बहस की असली वजह तो सामने नहीं आई है, लेकिन दोनों के बीच जुबानी जंग बेहद निचले स्तर पर पहुंचती दिखाई दी। प्रोमो में आसिफ चिल्लाते हुए कहते हैं, "तमीज से बात कर!" इस पर गुस्साए काजी कुर्सी से उठते हैं और जवाब देते हैं, "तेरे को पिछली बार बख्श दिया था मैंने!"

इसके बाद दोनों एक- दूसरे को जमकर गालियां देनी शुरू कर देते हैं। बात इतनी बिगड़ जाती है कि आसिफ गुस्से में बिस्तर पर चढ़ते हैं और काजी पर सीधा हमला करने दौड़ते हैं। वहीं दूसरी तरफ, ताजा एपिसोड में काजी तौकीर अपने साथी कंटेस्टेंट अमन गांधी से आसिफ के स्वभाव की शिकायत करते नजर आए। बिना गाली दिए आसिफ को लेकर काजी ने कहा, "मैं बिना गाली के बताऊं कि ये क्या है- गंदी नाली से बहता हुआ दर्द, नरम टुकड़े से निकला हुआ छोटा सा मटर का दाना!"

सोशल मीडिया पर फूटा दर्शकों का गुस्सा

प्रोमो सामने आते ही दर्शकों ने आसिफ खान के हिंसक और अत्यधिक आक्रामक व्यवहार की कड़ी निंदा की है। नेटिजन्स ने सवाल उठाया कि आसिफ बात-बात पर दूसरों पर झपटने क्यों आ जाते हैं।

एक यूजर ने आसिफ के घमंड पर तंज कसते हुए लिखा, "आसिफ ने खुद असल में कौन से बड़े एक्टिंग प्रोजेक्ट्स किए हैं? वह हर किसी के करियर का ऐसे मजाक उड़ाता है जैसे खुद कोई दिग्गज अभिनेता हो। एक सच्चा कलाकार दूसरों को बढ़ावा देता है, घमंडी इंसान सिर्फ अपना ढिंढोरा पीटता है।" वहीं एक अन्य लिखा, "आसिफ इतना हिंसक क्यों है? काजी को मारने के लिए सीधा बेड पर चढ़ गया, यह पूरी तरह गलत है!"

पहले लगाया एक-दूसरे को गले, फिर हुई लड़ाई

यह पहली बार नहीं है जब आसिफ और काजी के बीच हाथापाई की नौबत आई हो। शुरुआती कैप्टेंसी टास्क के दौरान भी दोनों के बीच गालियां और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके बाद घर वालों को बीच-बचाव करना पड़ा था। हालांकि, उस वक्त आसिफ ने काजी से माफी मांग ली थी और काजी ने उन्हें गले लगाकर बात खत्म कर दी थी। लेकिन अब ऐसा लगता है कि वह सुलह पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी। बता दें, 'बिग बॉस 20' के धमाकेदार एपिसोड्स रोजाना रात 9 बजे जियो सिनेमा/हॉटस्टार और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित किए जा रहे हैं।

Updated on:
17 Sept 2026 07:07 am
Published on:
17 Sept 2026 06:59 am