
Kaashvi Hiranandani Post: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के कंटेस्टेंट स्काउटओपी (ScoutOP) और उनकी गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। शो के अंदर स्काउट और लव गिल की बढ़ती नजदीकियों को लेकर जब से काश्वी ने सवाल उठाए थे, तब से वह सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं। अब ट्रोल्स और आलोचनाओं से परेशान होकर कंटेंट क्रिएटर काश्वी ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने एक तीखा नोट लिखकर आलोचकों को आड़े हाथों लिया है और साफ कर दिया है कि वह बिना पूरी जानकारी के खुद पर हो रहे हमलों से चुप बैठने वाली नहीं हैं। उन्होंने सभी ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
काश्वी ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक कड़ा संदेश शेयर किया है। काश्वी ने उन लोगों पर अपनी नाराजगी जाहिर की जो उनके बारे में अनाप-शनाप बातें लिख रहे हैं और उन्हें नफरत भेज रहे हैं। काश्वी ने अपने नोट में लिखा, "जो पेज मुझे बुरा-भला कह रहे हैं और मुझे हेट भेज रहे हैं, आगे बढ़ो और तुम्हारे पास जो भी थोड़ा-बहुत कॉन्टेक्स्ट है, उससे मुझे विलेन बनाओ। मैं ऐसी कहानी के खिलाफ अपना बचाव नहीं करने वाली जिसके बारे में तुम्हें पूरी जानकारी भी नहीं है। जब मैं तैयार हो जाऊंगी, तब अपनी बात कहूंगी। तब तुम में से कुछ को एहसास होगा कि तुमने मुझे और सिचुएशन को कितने गलत तरीके से जज किया है।"
बता दें, कुछ समय पहले काश्वी, समय रैना के साथ एक व्लॉग में नजर आई थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इसके अलावा, पिछले दिनों वीकेंड का वार के दौरान जब काश्वी ने बिग बॉस 20 में घर के अंदर जाकर अपने बॉयफ्रेंड स्काउट का सामना किया था और लव गिल के साथ उनकी सीमाओं पर सवाल उठाया था, तब उन्हें अपने कुछ बयानों के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। लेकिन बाद में उन्होंने सफाई भी दी थी कि उनका मकसद सिर्फ स्काउट को जिम्मेदार ठहराना था, न कि किसी अन्य महिला से नफरत करना।
रिपोर्ट्स के अनुसार, काश्वी और स्काउटओपी करीब पांच साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं। लेकिन, बिग बॉस के घर के अंदर लव गिल के साथ स्काउट की नजदीकियों और उनकी बातचीत ने इस रिश्ते पर कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां स्काउट और लव ने अपने रिश्ते को भाई-बहन जैसा बताया है, वहीं, घर के अदर और बाहर इसे लेकर काफी ड्रामा देखने को मिला है।
हाल ही में सलमान खान के सामने 'वीकेंड का वार' के दौरान खुद स्काउट ने यह कंफर्म किया था कि वह और काश्वी सगाई कर चुके हैं। इसके बावजूद, काश्वी द्वारा हाल ही में की गई एक लाइवस्ट्रीम के दौरान "फाइनल एक्ट" और "लास्ट डांस" जैसे शब्दों के इस्तेमाल ने उनके ब्रेकअप की नई अटकलों को हवा दे दी है। फिलहाल, काश्वी के इस बेबाक बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच बहस और तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में यह रिश्ता क्या नया मोड़ लेता है।