
Ashutosh Rana on The Great Indian Kapil Show: नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाले 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो', का इन दिनों पांचवां सीजन चल रहा है। शो के आयने वाले एपिसोड में मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा नजर आएंगे। बता दें कि इस सीजन का यह दसवां एपिसोड होगा। OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने ने हाल ही में इन दोनों अभिनेताओं वाले एक मजेदार एपिसोड का टीजर दिखाया है। इस एपिसोड में कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर की एक म्यूजिकल परफॉरमेंस भी देखने को मिलेगी।
प्रोमो की शुरुआत में, कपिल शर्मा ने बताय कि आशुतोष और मनोज को एक साथ लाने में उनकी टीम को दो महीने लग गए, क्योंकि दोनों अपने काम में हमेशा बिजी रहते हैं। कपिल ने काम के प्रति आशुतोष राणा के जुनून की भी तारीफ की और मजाकिया अंदाज में कहा, "आप रावण को उसकी पत्नी मंदोदरी से भी बेहतर जानते हैं।" प्रोमो में आशुतोष राणा के पैर छूते नजर आए कपिल शर्मा। बता दें कि एक्टर आशुतोष लोकप्रिय नाटक 'हमारे राम' में रावण का किरदार निभाते हैं।
प्रोमो के एक और हिस्से में, मनोज बाजपेयी ने हिंदी के प्रति आशुतोष राणा के समर्पण पर मजाक करते हुए एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, "किसी ने कहा, 'माफ करना, मेरी हिंदी उतनी अच्छी नहीं है।' इस पर आशुतोष ने तुरंत जवाब दिया, 'यह शर्मिंदा होने की बात है या गर्व करने की?'"
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के पांचवां सीजन में सितंबर में 'दृश्यम 3' की कास्ट के साथ शुरू हुआ था। हाल ही में आए एक एपिसोड में 'ये प्रेम मोल लिया' की टीम शामिल थी, जिसमें निर्देशक सूरज बड़जात्या, आयुष्मान खुराना, शरवरी और अन्य कलाकार मौजूद थे। जबकि, नेटफ्लिक्स के इस शो के सबसे लेटेस्ट एपिसोड में रैपर बादशाह और श्रेया घोषाल मेहमान के तौर पर नजर आए।
जानकारी के लिए बता दें कि दो साल से ज्यादा समय में, नेटफ्लिक्स पर कपिल के शो के पांच से ज्यादा सीजन प्रसारित हो चुके हैं, और हर सीजन में लगभग 13 एपिसोड हैं। हालांकि, शो के 5वें सीजन के फिनाले एपिसोड की अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है।