
Manoj Tiwari On Rhiti Tiwari in Bigg Boss 20: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) की बेटी रीति तिवारी (Riti Tiwari) इन दिनों सलमान खान के बहुचर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) में अपने बयानों और विवादों के चलते लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। ऐसे में बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर जारी घमासान और कंट्रोवर्सी के बीच एक बार फिर पिता मनोज तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बिग बॉस को बच्चों का शो बताया है।
हाल ही में एक मीडिया इंटरेक्शन के दौरान जब पत्रकारों ने मनोज तिवारी से पूछा कि उनकी बेटी रीति तिवारी बिग बॉस के घर में खूब सुर्खियां बटोर रही हैं और ऐसे में वह कैसा महसूस कर रहे हैं? तो मनोज तिवारी ने काफी सहज और बेफिक्र अंदाज में जवाब दिया।
नेपोटिज्म (स्वजन पक्षपात) और सिफारिश के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए मनोज तिवारी ने कहा, "लोग सोशल मीडिया पर यह भी लिख रहे हैं कि मैंने किसी पैरवी या सिफारिश से रीति को बिग बॉस में भेजा है। सच तो यह है कि मुझे तो यह पता ही नहीं था कि वो बिग बॉस में जा रही है! उसने अपने दम पर और अपनी कोशिशों से यह रास्ता चुना है।"
खुद 'बिग बॉस' के सीजन 4 के फेमस कंटेंस्टंट रह चुके मनोज तिवारी ने रियलिटी शो के फॉर्मेट को समझाते हुए दर्शकों को कहा, "यह सब बच्चों का बिग बॉस है, इसको आराम से चलने दीजिए। बिग बॉस एक ऐसा खेल है जहां घर के अंदर 24 घंटे कुछ न कुछ घटता रहता है। इसलिए शो में हो रही चीजों को देखकर किसी को भी परेशान या गुस्सा नहीं होना चाहिए। मैं खुद भी बिग बॉस के घर में रह चुका हूं, इसलिए मैं इसके माहौल को अच्छी तरह समझता हूं। यह केवल एक खेल है और इसका आनंद लेना चाहिए।"
बता दें, रीति तिवारी 'बिग बॉस 20' के घर में अपने को-कंटेस्टेंट काजी तौकीर के साथ हुए झगड़े, अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के दावों और अपनी मां रानी तिवारी के पूर्व पार्टनर एकम बावा द्वारा लगाए गए आरोपों की वजह से काफी विवादों में घिरी हुई हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में मनोज तिवारी का यह बयान सामने आया है। वहीं, मनोज तिवारी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस उनके मैच्योर और सुलझे हुए रुख की जमकर तारीफ कर रहे हैं।