
मनोज तिवारी ने बेटी रीति को लेकर दिया बयान (Photo Source- Instagram/JioHotstar)
Manoj Tiwari On daughter Rhiti in Bigg Boss 20: टीवी का सबसे बहुचर्चित और धमाकेदार रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) इन दिनों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। शो में जहां एक से बढ़कर एक कंटेस्टेंट अपनी रणनीतियों से फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं, वहीं भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और प्रसिद्ध राजनेता मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) की बेटी रीति तिवारी (Rhiti Tiwari) का गेम भी दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। रीति के इस रियलिटी शो में सफर को लेकर अब उनके पिता मनोज तिवारी का बयान सामने आया है।
मनोज तिवारी से हाल ही में जब मीडिया ने उनकी बेटी रीति के 'बिग बॉस 20' के सफर और उनके प्रदर्शन के बारे में सवाल पूछा, तो भोजपुरी स्टार ने हंसते हुए अपनी अंदरूनी घबराहट और पिता वाले डर को बयां किया।
मनोज तिवारी ने मुस्कुराते हुए कहा, "डर-डर के देखता हूं भाई!" जब पत्रकार ने कहा कि रीति जी के गेम की बहुत प्रशंसा हो रही है, सब लोग तारीफ कर रहे हैं। तो मनोज तिवारी ने कहा कि बस भगवान सब ठीक से रखे। आगे जब मनोज तिवारी से पूछा गया कि आप शो देख रहे हैं कि नहीं? तो उन्होंने कहा कि मैं डर-डरकर देखता हूं।
बता दें, 'बिग बॉस 20' के घर में रीति तिवारी शुरुआत से ही अपनी परिपक्वता, सादगी और बिना किसी फालतू ड्रामे के गेम खेलने के तरीके को लेकर चर्चा में बनी हुई थीं। वहीं, हाल ही में साथी कंटेस्टेंट स्काउट से बात करते हुए, रीति ने अपने बचपन और अपने पिता के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया है। उन्होंने यह भी बताया कि लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि सेलिब्रिटी की बेटी होने का मतलब है कि उन्हें आसानी से उनके पिता की दौलत, शोहरत और मौके मिल जाते हैं।
रीति ने अपने माता-पिता के रिश्ते और बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि तलाक के बाद उनके पिता उनसे काफी दूर हो गए थे। उन्होंने कहा- जब मेरी मम्मी का तलाक हुआ तो मेरे पापा चले गए। वो फोन भी करते थे तो मेरी बात नहीं हो पाती थी, क्योंकि मेरे मम्मी-पापा का उस वक्त बहुत झगड़ा चलता था। मैं उनसे एक साल में एक ही बार मिल पाती थी।
रीति ने बताया कि उनके पिता ने करियर को लेकर भी उनके सामने अपनी बात बिल्कुल साफ रखी थी। मनोज तिवारी ने उन्हें यह भरोसा दिया कि वह खुद अपने दम पर आगे बढ़ सकती हैं, लेकिन उनके करियर को अपने नाम या प्रभाव के सहारे आगे नहीं बढ़ाएंगे। रीति के मुताबिक- उन्होंने मुझे एक और चीज बहुत क्लियर बोल दी थी कि वो मेरे करियर में मेरी कोई हेल्प नहीं करने वाले। गंदी तरह से नहीं बोला था, पर साफ कर दिया था कि मुझे अपना नाम खुद ही बनाना होगा। वो कहते हैं कि तुम खुद से कर लोगी, मैं करके नहीं दूंगा।
दर्शक और बिग बॉस के फैंस भी सोशल मीडिया पर रीति के गेमप्ले की जमकर सराहना कर रहे हैं। यही वजह है कि मनोज तिवारी को जहां एक तरफ अपनी बेटी पर गर्व महसूस हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ 'बिग बॉस' के घर के अप्रत्याशित माहौल को देखते हुए एक पिता के तौर पर वह थोड़े चिंतित भी रहते हैं।
Updated on:
23 Sept 2026 10:31 am
Published on:
23 Sept 2026 09:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
