
Mary Kom Biopic: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में नजर आ रहीं बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम ने प्रियंका चोपड़ा अभिनीत अपनी 2014 की बायोपिक पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके संघर्ष और कड़ी मेहनत को पूरी तरह से नहीं दिखा पाई। शो से बाहर आने के बाद, इस बॉक्सर ने फिल्म और अपने जीवन के सफर के बारे में खुलकर बात की।
मैरी कॉम का मानना है कि भारत की सबसे मशहूर खेल हस्तियों में से एक के रूप में खुद को स्थापित करने के लिए उन्होंने जो कुछ भी सहा, उसका बहुत छोटा सा हिस्सा ही फिल्म में दिखाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने इस बारे में भी बात की कि 'बिग बॉस' में आने से पहले और बाद में लोगों ने उन्हें किस तरह से देखा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपनी बायोपिक का सीक्वल देखना चाहेंगी, तो मैरी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस समय किसी और फिल्म की जरूरत है।
उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा, "मुझे नहीं लगता कि अब कोई सीक्वल आना चाहिए, हर कोई मेरी कहानी जानता है। मेरा करियर और मेरा सफर पहले ही फिल्म और मेरी किताब 'अनब्रेकेबल' में दिखाया जा चुका है। हालांकि, वह बायोपिक वास्तविक नहीं थी। मुझे लगा कि कहानी के कुछ हिस्से असली नहीं थे। इसमें मेरे संघर्ष और कड़ी मेहनत का केवल 10 प्रतिशत ही दिखाया गया था। अगर आप मेरी किताब पढ़ेंगे, तभी आप मेरे संघर्ष और कड़ी मेहनत को समझ पाएंगे। आगे के जीवन में क्या होगा, यह तो नहीं पता, लेकिन मैं यही कामना करती हूं कि भविष्य सुखद और आसान हो। लोग जानना चाहते हैं कि क्या मेरी जिंदगी में प्यार के लिए कोई जगह होगी। अगर भविष्य में ऐसा कुछ होता है, तो मैं तब तय करूंगी।"
मैरी कॉमने 'बिग बॉस' में बिताए अपने समय के बारे में बात की और बताया कि दर्शकों ने उनको किस तरह से देखा। उन्होंने कहा कि शो के दौरान वह जैसी थीं, वैसी ही बनी रहीं और उन्होंने इस शो को एक ऐसे मौके के रूप में देखा, जिससे लोग उन्हें बेहतर ढंग से समझ सकें। “मैं बनावटी नहीं थी। जो लोग मुझे अच्छी तरह जानते हैं, उन्हें यह पता होगा। मुझे लगा कि यही सही समय था। लोगों ने मुझे अलग नज़रिए से देखा, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं थी। मुझे पता है कि लोग मुझसे प्यार करते हैं, और अब वे असली मैरी कॉम को भी जान गए हैं। मैं उन्हें वह इंसान दिखाना चाहती थी, जो जिंदगी में इतनी कड़ी मेहनत करके यहां तक पहुंची है। मैंने अपनी पूरी जिंदगी दांव पर लगा दी। 20 साल तक कौन खेल सकता है? मैंने अपने कामों से साबित कर दिया कि मैं कितनी असली हूं। आप सात हफ्तों तक दिखावा नहीं कर सकते। कभी-कभी मैं सोचती थी कि मैं इस तरह कैसे रहूंगी, लेकिन मुझे इसमें मजा आया।"
2014 में रिलीज हुई 'मैरी कॉम' में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने मैरी कॉम का किरदार निभाया था। इस फिल्म का निर्देशन उमंग कुमार ने किया था। इस स्पोर्ट्स बायोपिक मैरी के शुरुआती जीवन (मणिपुर) से लेकर उनके विश्व चैंपियन बॉक्सर बनने तक के सफर को दिखाया गया है।
फिल्म में उन चुनौतियों को भी दिखाया गया है, जिनका सामना मैरी को अपने प्रोफेशनल करियर, मातृत्व और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में करना पड़ा। इस फिल्म को क्रिटिक्स की बहुत तारीफ मिली थी। इतना ही नहीं फिल्म को 'सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म' के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।