
समय रैना के शो में कंटेस्टेंट ने उतारी नकल (Photo Source- Youtube/@SamayRainaOfficial)
PM Modi mimicry in Samay Raina Reality Show India's Got Latent: कॉमेडी और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (India's Got Latent) का दूसरा सीजन इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। शो के 8वें नए एपिसोड में एक कंटेस्टेंट ने अपने परफॉर्मेंस से ऐसा समां बांधा कि जज और दर्शक दोनों हंस-हंसकर लोटपोट हो गए। कंटेस्टेंट राहिल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंदाज की नकल करते हुए एक मजेदार एक्ट पेश किया, जिसमें उन्होंने चुनावों और शो के भविष्य को लेकर जमकर मजाक किया। इस एपिसोड में जज के तौर पर रैपर एमसी स्टेन, कॉमेडियन तन्मय भट्ट, मधुर विरली, रैपर अर्पित बाला और शो के होस्ट समय रैना (Samay Raina) मौजूद थे।
समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' के नए एपिसोड की क्लिप वायरल हो रही है। जिसमें एक कंटेस्टेंट राहिल ने सफेद कुर्ता-पायजामा और नीली नेहरू जैकेट पहने हुए मंच पर अपने मजाकिया अंदाज से माहौल बना दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध संबोधन 'भाइयों और बहनों' की शैली में अपनी बात शुरू की और चुटकी लेते हुए कहा कि वह अपने जीवन में कभी कोई चुनाव नहीं हारे हैं और इस शो में भी नहीं हारेंगे।
राहिल ने पैनल द्वारा स्कोर दिए जाने से पहले होस्ट समय रैना से मजाकिया लहजे में कहा, "आज तक मैं कभी कोई चुनाव नहीं हारा हूं। सबसे अच्छा कोचर नेता हूं, भाइयों-बहनों। अगर आज मैं हार गया ना, समय की दोस्ती से…"
कंटेस्टेंट राहिल ने अपनी परफॉर्मेंस के बाद जजों के पैनल के लिए अपना आभार व्यक्त किया और कहा कि वह पहले सीजन से इस शो को देख रहे थे और इन सभी दिग्गजों के सामने परफॉर्म करना उनका एक बड़ा सपना था, जो आज सच हो गया है। राहिल की शानदार कॉमिक टाइंमिग और हाजिरजवाबी की तारीफ करते हुए होस्ट समय रैना ने कहा कि उनकी कॉमिक टाइमिंग वाकई कमाल की है।
'इंडियाज़ गॉट लेटेंट' का स्कोरिंग सिस्टम इसे बाकी रियलिटी शोज से काफी अलग बनाता है। शो के नियमों के मुताबिक, कंटेस्टेंट स्टेज पर जाने से पहले ही एक क्यू कार्ड पर अपने संभावित स्कोर का अनुमान लिखकर देते हैं। पैनल की एवरेज रेटिंग और कंटेस्टेंट का अनुमानित स्कोर आपस में मैच कर जाता है, तो वह विजेता बनता है।
राहिल के मामले में जजों के पैनल ने उन्हें परफेक्ट 10 की रेटिंग दी, जो उनके द्वारा पहले से लगाए गए अनुमान से बिल्कुल मेल खाती थी। इस तरह राहिल ने अपनी बेहतरीन कला और सटीक अनुमान के दम पर इस एपिसोड का खिताब अपने नाम कर लिया। समय रैना द्वारा होस्ट किया जाने वाला यह कॉमेडी शो साल 2026 में अपने दूसरे सीजन के साथ लौटा है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
Updated on:
26 Oct 2026, 9:03 AM IST
Published on:
26 Oct 2026, 8:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.