पाकिस्तान

Pakistan में मूसलाधार बारिश के बाद Flood, अब तक 125 की मौत और 71 घायल

HIGHLIGHTS राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ( NDMA ) के मुताबिक, पाकिस्तान ( Pakistan Flood ) में मानसून शुरू होने के बाद पिछले ढाई महीनों से हो रही मूसलाधार बारिश ( Heavy Rain ) के बाद बाढ़ और अलग-अलग घटनाओं में अब तक कम से कम 125 लोगों की मौत हुई है, जबकि 71 अन्य लोग घायल हुए हैं। खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत ( Khyber-Pakhtunkhwa Province ) में सबसे अधिक 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि सिंध में 34, बलूचिस्तान में 17, पंजाब में 14 और PoK में 15 लोगों की जान गई है।
2 min read
Aug 29, 2020
pakistan rain flood
Flood in Pakistan after torrential rains and 125 deaths in separate incidents so far, 71 others injured

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ( Pakistan ) में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ( Torrential Rain ) के बाद बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। अब तक इस आपदा से 125 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 71 अन्य लोग घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ( NDMA ) के मुताबिक, पाकिस्तान में मानसून शुरू होने के बाद पिछले ढाई महीनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ और अलग-अलग घटनाओं में अब तक कम से कम 125 लोगों की मौत हुई है, जबकि 71 अन्य लोग घायल हुए हैं।

NDMA के आंकड़ों के अनुसार, खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत ( Khyber-Pakhtunkhwa Province ) में सबसे अधिक 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि सिंध में 34, बलूचिस्तान में 17, पंजाब में 14, गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में 11 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर ( PoK ) में 15 लोगों की जान गई है। मरने वालों में सबसे अधिक 59 पुरुष, 13 महिलाएं और 53 बच्चे शामिल हैं। जबकि खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में सबसे अधिक 37 लोग घायल हुए हैं। वहीं बलूचिस्तान में 13, सिंध में 9, पंजाब में 8 और गिलगित-बाल्टिस्तान में 4 घायल हुए हैं।

1300 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त

एनडीएमए के आंकड़ों से ये पता चलता है कि पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ ( Flood And Rain In Pakistan ) और भूस्खलन के कारण अब तक 1300 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सबसे अधिक 951 घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए, जबकि 356 अन्य मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया है कि बारिश और संबंधित दुर्घटनाओं से प्रभावित लोगों तक करीब 410 टन भोजन पहुंचाया गया है। इसके अलावा 14,985 टेंट, 2,956 कंबल और 2,200 मच्छरदानी भी दिए गए हैं।

कोरोना का असर

पाकिस्तान में कोरोना वायरस ( Coronavirus In Pakistan ) का खतरा अभी नहीं टला है। हालांकि इसका असर जरूर कम हुआ है। बीते 24 घंटे में पाकिस्तान में कोरोना से केवल एक मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 6,284 है। वहीं बीते 24 घंटे में 319 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक कुल 2 लाख 95 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं।

पूरी दुनिया की बात करें तो शनिवार सुबह तक संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 46 लाख 46 हजार 610 हो गई है, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 8 लाख 35 हजार 730 है। अमरीका सबसे अधिक, जबकि ब्राजील दूसरा और भारत तीसरा सबसे अधिक प्राभावित देश है।

Updated on:
30 Aug 2020 08:49 am
Published on:
29 Aug 2020 10:37 pm