
Flood caused havoc in Pakistan after heavy rains, 58 dead so far
इस्लामाबाद। कोरोना महामारी ( Corona Epidemic ) के प्रकोप से गुजर रहे पाकिस्तान ( Pakistan ) में बीते तीन दिनों से लगातार भारी बारिश ( Heavy Rain ) हो रही है। भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ ( Flood ) का मंजर है। इस बाढ़ के कारण देशभर में अब तक कम से कम 58 लोगों की मौत हो चुकी है।
पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ( National Disaster Management Authority of Pakistan ) ने कहा है कि बारिश के कारण आई बाढ़ से खैबर पख्तूनख्वा प्रांत सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां पर 19 लोगों की जान गई है, जबकि सिंध में 12 लोगों की मौत हुई है।
इसके अलावा, गिलगिट-बाल्टिस्तान में 10, पंजाब और बलूचिस्तान में 8-8 लोगों की बाढ़ में जान चली गई है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर ( PoK ) में भी एक व्यक्ति के मरने की खबर है। प्राधिकरण ने बताया है कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं।
राहत-बचाव कार्य में जुटी सेना
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ ( Heavy Rain And Flood In Pakistan ) की वजह से 300 के करीब घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 158 घर पूरी तरह से तबाह हो गए, जबकि 128 मकान आंशिक तौर क्षतिग्रस्त हुए हैं। एनडीएमए ( NDMA ) ने जानकारी दी है कि बलूचिस्तान के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह भी भारी बारिश की आशंका है।
बारिश के बाद बाढ़ में फंसे लोगों की मदद के लिए सिंध प्रांत ( Sindh Province ) में सेना राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। सेना ने कहा कि दादू जिले में बचाव अभियान चलाया गया जहां 20 गांव जलमग्न हो गए हैं। वहीं, सेना कई क्षेत्रों में लोगों को बचाने और उन्हें भोजन और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का काम कर रही है।
कोरोना से अब तक 6 हजार से अधिक की मौत
आपको बता दें कि बीते 24 घंटे में पाकिस्तान में कोरोना वायरस महामारी ( Coronavirus In Pakistan ) 539 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,84,660 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि 15 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही पाकिस्तान में अबतक 6,097 लोगों की मौत हुई है।
मंत्रालय ने बताया कि 2,60,764 कोविड-19 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 776 मरीजों की हालत गंभीर है। मंत्रालय ने कहा कि 539 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,84,660 हो गई।
मंत्रालय के मुताबिक, सिंध प्रांत में सबसे अधिक 1,23,849 मामले आए हैं जबकि पंजाब में 94,477, खैबर पख्तूनख्वा में 34,692, इस्लामाबाद में 15,261, बलूचिस्तान में 11,906, गिलगिट-बालटिस्तान में 2,334, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर ( PoK ) में 2,141 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
Updated on:
11 Aug 2020 08:29 pm
Published on:
11 Aug 2020 08:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
