पाली

Rajasthan: होली पर बच्चों को ‘दूल्हा’ बनाने का सपना रह गया अधूरा, कांस्टेबल दुर्गादान ने दुनिया को कहा अलविदा

होली की खुशियों की तैयारी कर रहे एक पिता को सड़क हादसे ने हमेशा के लिए खामोश कर दिया। एफएसएल वेन के कांस्टेबल चालक दुर्गादान की दर्दनाक मौत से परिवार और पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

2 min read
Feb 15, 2026
पुलिस लाइन में मृतक कांस्टेबल को श्रद्धांजलि देते पुलिस अ​धिकारी व कार्मिक। फोटो- पत्रिका

पाली। एफएसएल वेन के कांस्टेबल चालक दुर्गादान पुत्र जेठूदान चारण के घर में एक साल पहले जुड़वा बच्चों ने जन्म लिया तो खुशी छा गई। इस साल होली पर बेटे हिमांशु व बेटी हिमांशी के ढूंढोत्सव पर घर में ढोल बजवाना था। उन दोनों को ‘दूल्हा’ बनाना था, लेकिन काल बनकर आए ट्रक ने पिता की हसरत को दिल में ही दफन कर दिया। उसके पीछे रह गया तो सिर्फ गम का सागर। उसके साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों की आंखों से भी आंसू नहीं थमे।

मोर्चरी के बाहर पुलिसकर्मियों ने पुलिस के वाहन को फूलों से सजाया। मोर्चरी के बाहर दुर्गादान की पार्थिव देह वाहन में रखी गई। एएसपी जयसिंह तंवर, एएसपी नरेन्द्रसिंह देवड़ा, सीओ सिटी मदनसिंह सहित पुलिसकर्मियों ने पुष्प अर्पित कर सलामी दी। इसके बाद पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू, सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू सहित अन्य ने पुष्पचक्र व पुष्प अर्पित किए। वहां से देह पुलिस वाहन से बालोतरा जिले के सरवड़ी चारणान भेजी गई।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Encounter: ANTF और तस्करों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, एनकाउंटर में एक तस्कर ढेर, सीने में लगी थी गोली

गांव में पसरा सन्नाटा, नहीं बोल पाया भाई

दुर्गादान के निधन पर उसके भाई सुरेन्द्रसिंह के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। हादसे के समय वेन में बैठे साथी ने घटना के बारे में बताया तो उनके भाई की आंखें भी नम हो गईं। उधर, देह गांव में पहुंचने पर वहां भी सन्नाटा पसर गया। परिवार में मातम छा गया।

भोजन करने रुके थे ढाबे पर

मृतक दुर्गादान देसूरी थाना क्षेत्र से एफएसएल वेन लेकर गया था। वह साथियों के साथ वापस आ रहा था। सर्विस रोड पर वेन को खड़ा कर ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र स्थित हनुमान ढाबे के पास रुके थे। वहां कांस्टेबल दुर्गादान वेन से उतरा और ढाबे पर गया, लेकिन वहां बाजरे की रोटी नहीं होने से वापस वेन में बैठने आ रहा था।

इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने वेन को टक्कर मार दी। उस समय वेन में उनका एक साथी था, जो डेस्क बोर्ड व सीट के बीच फंस गया। उसे लोगों ने बाहर निकाला। इस पर उसे पता चला कि ट्रक ने दुर्गादान को चपेट में ले लिया है। उसी समय वहां दो अन्य कांस्टेबल भी मौजूद थे, जिन्होंने दौड़कर ट्रक को रुकवाया।

गांव में पुलिसकर्मियों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

गांव में पुलिसकर्मियों ने मृतक दुर्गादान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान कांस्टेबल चालक रूपाराम, विराम राम, अयूब खान, नरेश राजपुरोहित, श्याम बिश्नोई, राजू सिंह, विरेन्द्र व पुखसिंह सहित किरण सिंह मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें

Pali: प्रदूषण फैलाने पर पाली में पहली बार चला बुलडोजर, मिट्टी में मिलाया घर, नदी में मिला रहा था एसिड

Also Read
View All

अगली खबर