पाली

Pali News: गड्ढे में फंसा ट्रेलर, निकाल नहीं पाया तो गुस्से में नशेड़ी ड्राइवर ने लगा दी आग, पाली के हाईवे पर मचा हड़कंप

Pali Trailer Fire: नशे में ट्रेलर चलाते हुए चालक ने वाहन गड्ढे में उतार दिया और उसे निकाल नहीं पाया। गुस्से में आकर उसने खुद ही ट्रेलर को आग के हवाले कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

2 min read
Apr 19, 2026
Pali trailer fire incident, Sanderav highway accident, drunk driver trailer fire, Rajasthan road accident news, coal trailer fire case, bizarre driver behavior Rajasthan, highway fire incident Pali, trailer accident and fire, Rajasthan transport news, driver sets vehicle on fire, road safety issue Rajasthan, Pali district news, accident due to intoxication, emergency fire response Rajasthan, unusual accident story Rajasthan
जलता हुआ ट्रेलर। फोटो- पत्रिका

पाली। जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक अजीबोगरीब हादसा सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। ढोला गांव के पास ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोयले की चूरी से भरा एक ट्रेलर असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि ट्रेलर चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा।

यह वीडियो भी देखें

आग ने विकराल रूप लिया

हादसे के बाद चालक ने ट्रेलर को वापस सड़क पर लाने के कई प्रयास किए, लेकिन जब वह सफल नहीं हो पाया तो उसने गुस्से में आकर ट्रेलर को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक लगी आग से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में भी दहशत फैल गई।

दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही पाली, सुमेरपुर, फालना और रानी से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए चार दमकलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पाली दमकल विभाग के फायरमैन पारस गहलोत, डिम्पल, अशोक, जेठाराम और वाहन चालक हनुमान सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए आग बुझाने में सहयोग किया।

गुजरात से पाली की ओर आ रहा था ट्रेलर

सांडेराव थाने के एएसआई कपूराराम ने बताया कि ट्रेलर गुजरात से पाली की ओर आ रहा था। चालक दीपक पुत्र धर्मराज नशे में था, जिसके चलते वाहन असंतुलित होकर गड्ढे में फंस गया। हादसे के दौरान चालक को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर अस्पताल में मेडिकल के लिए भेज दिया है।

मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है, जिससे न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। इस बीच गुजरात से एलपीजी गैस भरकर आ रहे एक टैंकर में सेंदड़ा के पास भीषण आग लग गई। सेंदड़ा थानाधिकारी हरिराम ने साहस का परिचय देते हुए स्वयं दमकलकर्मियों के साथ जलते टैंकर के करीब पहुंचे और जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाया।

Updated on:
19 Apr 2026 09:46 pm
Published on:
19 Apr 2026 09:39 pm