11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jhunjhunu: ट्रेलर ने तंबू में मचाया कोहराम,‘मां-बेटी और भांजी की नींद में ​बिछ गई लाशें’, मातम पसरा

Speeding Trailer Crash: रात को मजदूरी के बाद खाना खाकर सोए भोपा परिवार को क्या पता था कि सुबह उनके लिए काल बनकर आएगी।

2 min read
Google source verification
अस्पताल में भर्ती घायल, इनसेट में ट्रेलर चालक, पत्रिका फोटो

अस्पताल में भर्ती घायल, इनसेट में ट्रेलर चालक, पत्रिका फोटो

Speeding Trailer Crash: रात को मजदूरी के बाद खाना खाकर सोए भोपा परिवार को क्या पता था कि सुबह उनके लिए काल बनकर आएगी। खेत के पास दो तंबू लगे थे, एक में पुरुष, दूसरे में महिलाएं और बच्चे सो रहे थे। सुरक्षा के लिए पास में पिकअप और बाइक भी खड़ी थी, लेकिन बेकाबू ट्रेलर इन्हें पार करता हुआ सीधे तंबू में जा घुसा।

प्रत्यक्षदर्शी कांकरिया निवासी रणजीत भोपा ने बताया कि ‘यह सब लोग नवलगढ़ में मजदूरी कर रहे थे। गुरुवार दोपहर को नंगली दीप सिंह में प्याज खोदने के लिए आए थे। करीब 19 लोग शामिल थे। रात को खाना खा कर सो गए। शुक्रवार तड़के ट्रेलर आफत बन कर आया। ट्रेलर के चालक ने लापरवाही से तंबू पर ट्रेलर चढ़ा दिया। अचानक तेज धमाके के साथ आंख खुली तो तंबू के अंदर ट्रेलर घुसा हुआ था और नीचे लोग दबे पड़े थे। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

घटनास्थल पर मच गया कोहराम

कोई समझ ही नहीं पाया कि क्या हुआ।’ घायलों की कराह और परिजनों की चीखें माहौल को और भयावह बना रही थीं। रणजीत ने बताया कि चालक ट्रेलर को पीछे लेने लगा तो और लोग उसकी चपेट में आने लगे। ऐसे में उसने और उसकी पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया, नहीं तो और जनहानि हो सकती थी।

घटना के बाद कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। हमारी आंखों के सामने शव पड़े हुए थे। मैंने मेरे रिश्तेदार खाटूश्यामजी निवासी रामावतार को फोन किया तो उन्होंने पुलिस को भेजा। हमारे पास घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कोई साधन नहीं था। करीब 20 मिनट बाद मौके पर ट्रेलर के मालिक पहुंचा। उसकी कार से घायलों को बढ़ाऊ अस्पताल तक पहुंचाया।

हिम्मत कर घायलों को संभाला

रणजीत की पत्नी ममता, जो खुद उसी तंबू में सो रही थी, हादसे के बाद सदमे में थी। अस्पताल में रोते हुए उसने बताया कि जब ट्रेलर तंबू में घुसा तो आंखें फटी की फटी रह गई। हाथ पैर फूल गए और सांस चढ़ गई। एक पल के लिए कुछ समझ नहीं आया, लेकिन हिम्मत जुटाकर घायलों को संभालना पड़ा।

हादसे में मां बेटी और भांजी की मौत

हादसे में होटकी पत्नी सुरेश भोपा और मोडी पुत्री सुरेश भोपा निवासी भूदोली और प्रियंका पुत्री मुन्ना की मौत हो गई। मृतका होटकी की मोडी पुत्री है और प्रियंका बहन की बेटी है। वहीं मुन्ना का एक बेटा सुनील और एक बेटी रवीना गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं सुरेश का एक बेटा संजीत भी घायल हो गया। वहीं संजय को भी चोटें आई है। मुन्ना टोडी का रहने वाला है।

यह है पूरा घटनाक्रम

गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के नंगली निर्वाण गांव में शुक्रवार तड़के ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। खेत में प्याज की खुदाई करने आए भोपा परिवार के लोग तंबू में गहरी नींद में सो रहे थे। तभी तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर मौत बनकर तंबू में घुस गया। हादसे में दो बालिकाओं समेत एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार दो भोपा परिवार मजदूरी पर नंगली निर्वाण गांव में प्याज की खुदाई करने आए हुए थे। गुरुवार रात को परिवार गांव में पहुंचा और रात होने की वजह से खेत के पास ही तंबू लगाकर सो गए। शुक्रवार तड़के अचानक तेज रफ्तार एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर तंबू में सो रहे परिवार के लोगों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तंबू में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।