पाली

Pali Crime: तांत्रिक के ‘जाल’ में फंसी युवती! आधी रात घर में कर दिया ऐसा कांड, परिवार के उड़े होश

Pali Crime News: पाली के खिंवाड़ा क्षेत्र में कथित तांत्रिक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और जेवरात-नकदी गायब करने का मामला सामने आया है।

2 min read
May 05, 2026
Pali Crime News
AI Photo

पाली। जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कथित तांत्रिक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर बेटी को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सोना-चांदी और डेढ़ लाख रुपए नकद भी गायब

पीड़ित पिता के अनुसार 27 अप्रेल की रात करीब एक बजे गांव में रहने वाला तांत्रिक झांसा देकर उसकी पुत्री को अपने साथ ले गया। घटना के बाद जब परिवार ने घर की तलाशी ली तो सोने-चांदी के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद भी गायब मिले। इससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। परिवार का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। एक महिला सहित दो पुरुष मिलकर पिछले दो साल से उनके परिवार को निशाना बना रहे हैं और करीब दो लाख रुपए की ठगी कर चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता है और फिर उनसे पैसे ऐंठता है।

पुलिस पर लगाया आरोप

पीड़ित ने यह भी दावा किया कि यह गिरोह अन्य लड़कियों को भी बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में धकेल रहा है। इस आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। परिवार ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी भी किसी साजिश का शिकार हुई है। सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई कि जब पीड़ित खिंवाड़ा थाने पहुंचा तो पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाय गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर उसे डांटकर भगा दिया गया।

अब यह मामला तूल पकड़ चुका है। बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। ज्ञापन में मांग की गई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज किया जाए, युवती को जल्द बरामद किया जाए और चोरी हुए जेवरात भी वापस दिलाए जाएं।

विवाहिता की मौत

वहीं दूसरी तरफ सोजत रोड थाना क्षेत्र के आलावास गांव में एक महिला ने कीटनाशक सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे जोधपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार बगड़ी नगर निवासी सुनीता (31) पत्नी गजेन्द्र ने करीब 11 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी आलावास गांव में किराए के मकान में रह रहे थे।

सुनीता ने अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक पी लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। सोमवार को तबीयत ज्यादा गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जोधपुर रेफर किया। परिजन उसे एम्बुलेंस से जोधपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

Published on:
05 May 2026 02:55 pm