पाली

Sojat Fire: सुबह साले की शादी में जाना था, रात को ही जिंदा जल गया जीजा, पीहर में पत्नी के पास पहुंची खबर तो मच गया कोहराम

Rajasthan Fire Accident: सोजत के चामुंडा माता मंदिर के पास स्थित इंडो हर्बल्स मेहंदी फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिसमें 2 श्रमिक जिंदा जल गए।
3 min read
Nov 17, 2025
Feature image
झुलसे श्रमिक को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाते हुए (फोटो: पत्रिका)

Massive Fire In Pali Mehndi Factory: सोजत में चामुंडा माता मंदिर के पास मेहंदी फैक्ट्री इंडो हर्बल्स में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिसमें एक मजदूर जिंदा जल गया, जबकि एक ने इलाज के दौरान जोधपुर में दम तोड़ दिया। एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलसा, जिसे जोधपुर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि कोई संभल नहीं सका। आग शनिवार रात साढ़े ग्यारह बजे लगी और देर रात ढाई बजे बाद आग पर काबू पाया जा सका। यहां तीन ट्रक से अधिक हर्बल मेहंदी आग की भेंट चढ़ गई।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीषण आग ने 3 श्रमिकों को चपेट में ले लिया। हादसे में गोरखपुर (यूपी) निवासी श्रमिक संजय तिवारी जिंदा जल गया। बिलावास हाल सोजत निवासी कानाराम सरगरा (28) ने इलाज के दौरान जोधपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि सोजत निवासी गोपाल सरगरा (26) का जोधपुर में उपचार जारी है। सूचना पर पुलिस उपअधीक्षक रतनाराम देवासी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।

मेहंदी फैक्ट्री में लगी आग से जला पाउडर (फोटो: पत्रिका)

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

सोजत थाने के उपनिरीक्षक घेवरराम डांगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगी। आग ने फैक्ट्री में रखी बरगंडी, काली मेहंदी पाउडर व केमिकल सामग्री को चपेट में ले लिया जिससे सब जलकर राख हो गया।

सुबह तक निकलता रहा धुआं

पानी टैंकर और दो दमकलों से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने यहां जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि आग का धुआं सुबह तक निकलता रहा। रात में आग से इलाके में बिजली गुल हो गई। आग के कारण शटर खोलते ही धुएं के गुबार और आग की लपटों ने श्रमिकों को चपेट में ले लिया था।

मेहंदी फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से लगी आग की सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए थे। दमकल बुलवाकर आग पर काबू पाया गया। आग से दो जनों की मौत हो गई। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया। पूरा खुलासा आगे जांच में होगा।

रतनाराम देवासी, पुलिस उपअधीक्षक, सोजत

आग लगने के दौरान जेसीबी से दीवार तोड़ते हुए (फोटो: पत्रिका)

सुबह साले की शादी में जाना था, रात को हुई मौत

संजय पत्नी मनीषा, बेटी सोनाली (11) और साढ़े तीन साल के बेटे शिवास के साथ फैक्ट्री में ही रहता था। 18 नवम्बर को संजय के साले विनीत की शादी थी। ऐसे में उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर करीब एक महीने पहले ही अपने पीहर बिसनपुरवा, गोरखपुर (यूपी) चली गई थी। संजय भी साले की शादी में शामिल होने के लिए 16 नवंबर (रविवार) की सुबह बस से ससुराल जाने वाला था लेकिन एक दिन पहले ही इस हादसे में उसकी जान चली गई। उसके ससुराल में खुशियों का माहौल गम में बदल गया। उसकी पत्नी तक जब इस हादसे की खबर पहुंची तो उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

काम के लिए गांव छोड़कर सोजत सिटी में रहता था

कानाराम के भाई मुकेश ने बताया कि कानाराम मूल रूप से बिलावास गांव (सोजत) का रहने वाला था। वह वर्तमान में सोजत सिटी के पतालिया जाव क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। पिछले कुछ सालों से मेहंदी फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसके 7 साल की बेटी रेणुका और 7 महीने का बेटा हिमांशु है।

Updated on:
17 Nov 2025 01:49 pm
Published on:
17 Nov 2025 01:47 pm