पाली

पाली में 80 लाख की बीयर जब्त : दवाइयों की फर्जी बिल्टी से गुजरात भेजी जा रही थी खेप

पाली में ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने पंजाब से गुजरात भेजी जा रही 80 लाख रुपए की अवैध बीयर पकड़ी। कंटेनर में दवाइयों की फर्जी बिल्टी लगाकर 1130 कार्टन बीयर अहमदाबाद पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।

2 min read
May 16, 2026
गिरफ्तार कंटेनर चालक को न्यायालय ले जाती पुलिस फोटो: पत्रिका

पाली: ट्रांसपोर्ट नगर थाना ने पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही अवैध बीयर की बड़ी खेप पकड़ने के मामले में गिरफ्तार कंटेनर चालक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से होकर गुजरात में अवैध शराब तस्करी का यह कोई पहला मामला नहीं है।

थानाप्रभारी हनुवंतसिंह सिसोदिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजाब निर्मित बीयर की बड़ी खेप कंटेनर में भरकर गुजरात भेजी जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर हाईवे पर निगरानी शुरू की गई। गुरुवार दोपहर सोजत की ओर से आए एक संदिग्ध कंटेनर को 72 फीट बालाजी मंदिर के पास रुकवाकर जांच की गई। कंटेनर पूरी तरह सील पैक था। पुलिस ने सील तोड़कर तलाशी ली तो अंदर से 1130 कार्टन बीयर बरामद हुई। जब्त बीयर की बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपए आंकी गई है।

ये भी पढ़ें

राजस्थान में खौफनाक वारदात, शादी नहीं होने पर युवक ने 11 साल के मासूम की चढ़ा दी बलि

जांच में सामने आया कि कंटेनर चालक चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र के ईदासर गांव निवासी सुखबीर (26) दवाइयों की फर्जी बिल्टी दिखाकर बीयर की खेप अहमदाबाद पहुंचाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को बांगड़ अस्पताल में मेडिकल करवाया और बाद में न्यायालय में पेश किया। न्यायिक अधिकारी ने आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल है।

फास्टैग से हुए टोल भुगतान का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

बीयर तस्करी मामले में गिरफ्तार कंटेनर चालक से पूछताछ में सामने आया कि कंटेनर जहां-जहां से गुजरता, वहां फास्टैग कटने की जानकारी मुख्य सप्लायर तक पहुंच जाती थी। पुलिस अब फास्टैग से हुए टोल भुगतान का रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य सप्लायर और अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

गुजरात में शराबबंदी और बढ़ी मांग

गुजरात में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण वहां दूसरे राज्यों, विशेषकर पंजाब और हरियाणा निर्मित शराब और बीयर की भारी मांग रहती है। तस्कर इस मांग का फायदा उठाने के लिए चुनावी माहौल या त्योहारों के सीजन में सक्रिय हो जाते हैं। इस बार भी तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए दवाइयों जैसी आवश्यक सामग्री का सहारा लिया, क्योंकि आमतौर पर मेडिकल सप्लाई वाले वाहनों की सघन जांच से पुलिस बचती है।

ये भी पढ़ें

पाली में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Also Read
View All