
Pali Zila Pramukh Election: पाली जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी को लेकर सियासी जोड़-तोड़ तेज हो गई। जिला परिषद में भाजपा को मिली बढ़त ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर उसका दावा मजबूत कर दिया, लेकिन पार्टी के प्रमुख दावेदार माने जा रहे देवलाल मेघवाल की हार ने भाजपा के भीतर नए समीकरण खड़े हो गए। अब जिला प्रमुख पद के लिए दूसरे दावेदार सामने हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस बहुमत से दूर होने के बावजूद राजनीतिक जोड़-तोड़ में जुटी है। उसमें अभी तक किसी का नाम अधिक चर्चा में नहीं है।
जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर भाजपा में फिलहाल तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इनमें चौथाराम, गुदड़राम और सीता देवी बावरी शामिल हैं। पार्टी के भीतर जातीय और सामाजिक समीकरणों के साथ राजनीतिक अनुभव को भी तरजीह मिल सकती है। महिला और समाज को प्रतिनिधित्व देने का समीकरण साधने की स्थिति में सीता देवी बावरी का नाम मजबूत माना जा रहा है।
वहीं, चौथाराम पहले सरपंच और उप प्रधान रह चुके हैं। उनका राजनीतिक अनुभव दावेदारी को मजबूती देता है। गुदड़राम लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन में उनकी पुरानी सक्रियता को उनके पक्ष में देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी के जिला पदाधिकारी फिलहाल निर्णय का अधिकार जयपुर में बैठे वरिष्ठ नेताओं पर छोड़कर स्थानीय स्तर पर किसी नाम पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
जिला परिषद में 33 में से भाजपा के पास 19 सीट हैं, जबकि कांग्रेस 14 सीट होने से वह बहुमत के आंकड़े से दूर है। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा लगभग तय माना जा रहा है। अब पार्टी के सामने सबसे बड़ा सवाल चेहरा तय करने का है।
पंचायत समितियों में प्रधान बनाने को लेकर भी दोनों दलों के अपने-अपने दावे हैं। भाजपा के कुछ पदाधिकारियों का दावा है कि कम सीटें मिलने वाली पंचायत समितियों में भी पार्टी अपना प्रधान बनाने की स्थिति में है। उनके अनुसार, जिले में केवल एक पंचायत समिति ऐसी है, जहां भाजपा के लिए प्रधान बनाना मुश्किल है। शेष स्थानों पर पार्टी के पास संभावनाएं हैं।
दूसरी ओर, कांग्रेस सोजत, सुमेरपुर और पाली पंचायत समितियों में प्रधान बनाने की स्थिति में नजर आ रही है। हालांकि, पार्टी को पाली में नगर निगम की तरह राजनीतिक समीकरण बदलने की आशंका भी सता रही है। वहीं, बगड़ी, रानी, मारवाड़ जंक्शन और देसूरी में भाजपा का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।
बाली और रोहट पंचायत समितियों में भाजपा और कांग्रेस के बीच महज एक-एक सीट का अंतर है। ऐसे में यहां प्रधान पद का चुनाव बेहद दिलचस्प होने की संभावना है। दोनों दल निर्दलीयों और अन्य संभावित समर्थन वाले सदस्यों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुट सकते हैं। वहीं, रानी पंचायत समिति में भाजपा की स्थिति मजबूत है। यह सीट एससी वर्ग के लिए आरक्षित है और कांग्रेस के पास इस श्रेणी में उपयुक्त प्रत्याशी नहीं है।