पाली

पाली में सरकारी शिक्षक की शर्मनाक करतूत: छात्रा को भेजे अश्लील मैसेज, ग्रामीणों ने जूतों की माला पहनाई; मुंह पर पोती कालिख

Pali News: पाली जिले में सोजत क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर 11वीं की छात्रा को मोबाइल पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने और प्रताड़ित करने का आरोप है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षक को जूतों की माला पहनाकर मुंह पर स्याही पोत दी। पुलिस उसे थाने ले गई, जबकि शिक्षा विभाग ने शिक्षक को निलंबित कर दिया।
2 min read
Jul 06, 2026
Pali Sojat Teacher Suspension
आरोपी शिक्षक को जूतों की माला पहनाई (पत्रिका फोटो)

Pali Sojat Teacher Suspension: सोजत (पाली): सोजत क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां 11वीं कक्षा की एक छात्रा को आपत्तिजनक मैसेज भेजने और प्रताड़ित करने के आरोप में ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को जूतों की माला पहनाई और उसके मुंह पर कालिख (स्याही) पोत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई है।

क्या है पूरा मामला?

परिजनों के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने पहले पढ़ाई कराने के बहाने छात्रा से संपर्क बढ़ाया। इसके बाद वह छात्रा के मोबाइल फोन पर अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजकर उसे परेशान करने लगा। परिजनों ने शिक्षक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले शिक्षक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया था। वहां उसने छात्रा के बाल काट दिए और उन्हें अपने पास रख लिया।

परिजनों को अंदेशा है कि शिक्षक ने किसी तांत्रिक क्रिया या टोटके के उद्देश्य से ऐसा किया। आरोपी शिक्षक छात्रा पर गलत नीयत से दबाव बना रहा था और उसे लगातार ब्लैकमेल करते हुए धमकियां दे रहा था।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

शिक्षक की हरकतों से डरी-सहमी छात्रा ने आखिरकार अपनी आपबीती अपने परिवार वालों को बताई। जैसे ही यह बात गांव में फैली, ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल पहुंचकर शिक्षक को पकड़ लिया। उन्होंने शिक्षक को जूतों की माला पहनाई, उसका मुंह काला किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है और उसका मुख्यालय पाली से बदलकर जालोर जिला कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Updated on:
06 Jul 2026 07:40 pm
Published on:
06 Jul 2026 07:40 pm