UPSC Result 2025: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में पाली जिले के तीन अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया है।
UPSC Exam Result यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में पाली के तीन अभ्यर्थियों ने भी वरीयता सूची में अपना स्थान बनाया है। वरीयता सूची में चयनित इन अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का राज लगातार की गई मेहनत को बताया है। उनका मानना है कि जरूरी नहीं है कि प्रथम प्रयास में ही सफलता मिल जाए। सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी पड़ती है। यदि परिस्थितियां विषम भी हों तो उनका मुकाबला करना चाहिए।
यूपीएससी परीक्षा 2025 का परिणाम जारी हुआ है। इसमें पाली जिले के मुंडारा निवासी होम्योपैथी चिकित्सक गरिमा परमार पुत्री प्रकाश परमार ने अपने चौथे प्रयास में 326वीं रैंक के साथ सफलता प्राप्त की है। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी डॉ. गरिमा ने होम्योपैथी कोर्स किया। उनके पिता प्रकाश परमार पंजाब नेशनल बैंक में सेवारत रहे। जीवन में कड़े संघर्षों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के निदेशक बड़े पिता सुशील परमार और परिवारजनों को आदर्श मानते हुए डॉ. गरिमा ने अपने चौथे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा परिणाम में मारवाड़ जंक्शन निवासी अभिषेक मीणा को 766वीं रैंक प्राप्त हुई है। अभिषेक मीणा अपनी सफलता का श्रेय लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प को देते हैं। उनका कहना है कि उनके मन में यूपीएससी परीक्षा पास करने का लक्ष्य था, इसलिए उन्होंने उसी दिशा में अध्ययन किया।
अभिषेक मीणा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास विषय में पीएचडी की है। वे भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय में असिस्टेंट डायरेक्टर (डिस्ट्रिक्ट यूथ ऑफिसर) के पद पर कार्यरत हैं। अभिषेक एलआईसी कर्मचारी भरत कुमार मीणा और अध्यापिका रेखा मीणा के पुत्र हैं।
यदि कोई अपने जीवन में कुछ कर गुजरने की ठान ले, तो कामयाबी की मंजिल दूर नहीं रहती। यह बात जैतारण निवासी पंकज सोनी पुत्र बुधराज सोनी पर सटीक बैठती है। इन्होंने 2024 में यूपीएससी में ओबीसी वर्ग में 757वीं रैंक प्राप्त की थी। वे वर्तमान में भारतीय रेल सेवा में प्रोबेशन पर हैं। इस बार यूपीएससी में फिर से भाग्य आजमाया और ओबीसी वर्ग में 130वीं रैंक अर्जित कर अपने माता-पिता का सपना पूरा किया।
यह वीडियो भी देखें
पंकज सोनी ने 2019 में सीए बनने के बाद बड़ौदा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड में असिस्टेंट फाइनेंस मैनेजर के पद पर कार्य करते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी। उनका लक्ष्य केवल भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाना था। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कीर्ति शर्मा, जो बड़ौदा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में कार्यरत हैं, ने उनका पूरा सहयोग किया।