MPPSC Final Result 2023: पन्ना जिले के गुनौर के मेहलरामपुर निवासी अजीत कुमार मिश्रा ने एमपी पीएससी 2023 में मध्यप्रदेश में टॉप किया है। अजीत का चयन डिप्टी कलेक्टर के रूप में हुआ है।
MPPSC Final Result 2023:पन्ना जिले के गुनौर के मेहलरामपुर निवासी अजीत कुमार मिश्रा ने एमपी पीएससी 2023 में मध्यप्रदेश में टॉप(Topper Ajit Kumar Mishra) किया है। अजीत का चयन डिप्टी कलेक्टर के रूप में हुआ है। मैहर में नायब तहसीलदार रहे अजीत का चयन असिस्टेंट डायरेक्टर फायनेंस पद पर भी हो चुका है। एमपी पीएससी 2023 में 1575 अंक में उन्होंने 966 अंक प्राप्त किए है। उनके बाद 900 से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले एक ही अभ्यर्थी यशपाल स्वर्णकार हैं।
अजीत ने पत्रिका को बताया कि वे सामान्य किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता संतोष मिश्रा किसान हैं और माता गृहणी है। स्कूलिंग पन्ना जिले के सलेहा से की। इसके बाद स्नातक इंदौर से किया। स्कूलिंग के साथ ही प्रशासनिक सेवा में जाने का निर्णय लिया और स्नातक की पढ़ाई के साथ ही पीएससी की तैयारी में जुट गए। 2020 में पहले प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचे। 2021 में प्रावधिक सूची में 13वें स्थान पर रहे। 2022 में नायब तहसीलदार के रूप में चयनित हुए और 2023 में असिसटेंट डायरेक्टर फायनेंस के रूप में चयन हुआ।
उन्होंने बताया कि वे दो भाई और एक बहन है। भाई बहन भी प्रशासनिक सेवा की तैयारी में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि डिप्टी कलेक्टर के रूप में सफल होने का दृढ़ निश्चय किया था और यह आखिरी चांस था। लिहाजा तैयारी काफी की थी। पुराना अनुभव और तैयारी का नतीजा यह रहा कि नंबर काफी बेहतर रहे। उन्होंने पीएससी की तैयारी करने वालों के लिए संदेश दिया है कि विषय और पढ़ाई पर फोकस रखे और निराश नहीं हो। सफलता अवश्य मिलती है।