जदयू विधायक अनंत सिंह ने गोपालगंज में अपने खिलाफ दर्ज FIR पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन करना कोई अपराध नहीं है और हथियारों का प्रदर्शन उनके वहां से चले जाने के बाद हुई थी।
गोपालगंज के मीरगंज में मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह समेत 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील डांस को लेकर हुई इस प्राथमिकी पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने पुलिस की कार्रवाई को गलत नहीं बल्कि महा गलत बताया है। बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए अनंत सिंह ने साफ कहा कि उन्होंने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया है और मनोरंजन करना कोई अपराध नहीं है।
अनंत सिंह ने रिपोर्टर के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वे एक जनेऊ संस्कार (उपनयन) के कार्यक्रम में गए थे। उन्होंने तर्क दिया कि प्रोग्राम मनोरंजन के लिए होता है, न कि शोक मनाने के लिए। उन्होंने कहा, 'प्रोग्राम एन्जॉय के लिए होता है। अब वहां गाना बजा और हमने ताली बजा दी, तो कौन सी बड़ी गलती कर दी? ठाकुरबारी में भी ताली बजती है, भगवान के भजन में भी बजती है। अगर हमने किसी का कुछ बिगाड़ा होता या गोली चलवाई होती, तब एफआईआर सही थी।'
वायरल वीडियो में दिख रहे हथियारों पर सफाई देते हुए विधायक ने कहा कि हथियार लहराने वाले लोग उनके नहीं थे। उन्होंने कहा, 'हम शाम 7 बजे वहां गए थे और रात 10:30 बजे अपने कमरे में चले गए। राइफल वाला जो वीडियो दिखाया जा रहा है, वह हमारे जाने के बहुत बाद का है। हमारे साथ सिर्फ हमारे व्यक्तिगत सरकारी गार्ड थे।' उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वहां कुछ गलत हो रहा था, तो मौके पर तैनात पुलिस ने उस समय क्यों नहीं रोका?
गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी की कार्रवाई पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने कहा, 'एसपी साहब पेपर में विज्ञापन निकाल दें कि अनंत सिंह को किसी प्रोग्राम में नहीं जाना है, तो हम नहीं जाएंगे। विधायक क्या जानवर होता है? क्या हमारा कोई दोस्त-यार नहीं है? हम कोई स्कूल-कॉलेज तो गए नहीं हैं, जनता ने वोट दिया तो विधायक बन गए, लेकिन हम भी तो इंसान हैं।'
बातचीत के दौरान जब उनसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के मंत्री बनने की संभावना पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'हम बहुत खुश हैं। खून का असर होता है और वह विद्वान आदमी हैं।' हालांकि, तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन्होंने परिवारवाद पर तंज कसा। अनंत सिंह ने कहा, 'निशांत का आना परिवारवाद नहीं है। परिवारवाद उसे कहते हैं जहां बेटी, बेटा, मां, भाई, पूरा खानदान ही भर दिया जाए। तेजस्वी और निशांत में बहुत अंतर है।'
2 मई को गोपालगंज के सेमराव गांव में मुखिया गुड्डू राय के बेटे के जनेऊ कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस और हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग गानों पर हथियार लहराते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट और शांति भंग करने की धाराओं के तहत अनंत सिंह, गुंजन सिंह और अन्य पर मामला दर्ज किया है।