6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोहिणी आचार्य का आरोप- बंगाल को मणिपुर बना रही BJP, मुस्लिम इलाकों में दंगा भड़काने की हो रही कोशिश

रोहिणी आचार्य ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुस्लिम इलाकों में दंगा भड़काने की साजिश कर रही है और टीएमसी नेताओं व कार्यालयों को निशाना बनाया जा रहा है।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

May 06, 2026

Rohini Acharya

लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य (Photo-ANI)

बिहार की राजनीति में सक्रिय और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पश्चिम बंगाल की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट शेयर करते हुए रोहिणी ने BJP पर बंगाल को अराजकता की आग में झोंकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा बंगाल को एक और मणिपुर बनाने पर तुली हुई है। उन्होंने आगे दावा किया कि जब से बंगाल में चुनाव परिणाम घोषित हुए हैं, तब से भाजपा प्रायोजित उपद्रवियों का तांडव जारी है।

बंगाल को मणिपुर बनाने की साजिश

अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने लिखा कि बंगाल की मौजूदा स्थिति मणिपुर की याद दिलाती है। BJP पर जनता के जनादेश को हाईजैक करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल के मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा लगता है कि BJP का इरादा इस राज्य को एक और मणिपुर बनाने का है।

रोहिणी ने लिखा, 'धांधली से मिली जीत के बाद, BJP से जुड़े बदमाशों, दंगाइयों और गुंडों का तांडव पूरे राज्य में बेरोकटोक जारी है। केंद्रीय सुरक्षा बलों के हजारों जवानों की मौजूदगी के बावजूद, इन बदमाशों और दंगाइयों को दहशत कायम करने के इरादे से खुली छूट दी गई है, ताकि वे तोड़फोड़, आगजनी, मारपीट और लूटपाट कर सकें। बंगाल के बाहर से हजारों उपद्रवियों को लाया गया है और वे BJP नेताओं के निर्देश पर उत्पात मचा रहे हैं।'

मुस्लिम इलाकों में दंगा भड़काने की कोशिश

रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि दंगे भड़काने के लिए जान-बूझकर कोशिशें की जा रही हैं, खासकर उन इलाकों में जहां मुसलमानों की आबादी ज्यादा है। उन्होंने लिखा, 'मुसलमान बहुल इलाकों में बड़ी संख्या में शरारती तत्व भड़काऊ धार्मिक नारे लगाते और गालियां देते देखे जा रहे हैं। इन इलाकों में मुसलमानों को उकसाकर दंगे भड़काने की कोशिशें चल रही हैं। लेकिन, पुलिस बल तैनात करने, गश्त लगाने या कड़े कदम उठाने के बजाय, इन मुस्लिम-बहुल इलाकों में पुलिस गश्ती दलों की मौजूदगी ही न के बराबर है।'

TMC के दफ्तरों को बनाया जा रहा निशाना

रोहिणी ने आरोप लगाया कि राजधानी कोलकाता समेत पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने लिखा, 'राजधानी कोलकाता में भी अराजक स्थिति कायम होती दिख रही है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को मूकदर्शक बने रहने का निर्देश दिया गया है, वे हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों में आग लगाई जा रही है और तोड़-फोड़ की जा रही है। दक्षिण 24 परगना में, तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर पत्थरबाजी की गई और पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास के दफ्तर में घुसकर भाजपा के गुंडों ने तोड़फोड़ की।'

रोहिणी ने आगे लिखा, 'कोलकाता के टॉलीगंज, कस्बा, पानीहाटी, हावड़ा, सिलीगुड़ी और बलरामपुर में तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों में आगजनी और तोड़फोड़ की गई है। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में तृणमूल के एक दफ्तर पर बुलडोजर चला दिया गया है। पूरे राज्य में जहां कहीं भी ममता बनर्जी की तस्वीरें लगी हैं, उपद्रवी उन्हें तोड़ रहे हैं और जला रहे हैं।तृणमूल के समर्थकों और कार्यकर्ताओं को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है, उनके साथ मारपीट की जा रही है और उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।'

बीरभूम में TMC नेता की हत्या

अपने पोस्ट में रोहिणी ने कहा कि BJP कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। रोहिणी लिखती हैं, 'बीरभूम जिले में तृणमूल कांग्रेस के नेता अबीर शेख की गला काटकर हत्या कर दी गई है। BJP के बदमाशों की एक भीड़ सड़कों पर खुलेआम ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, सायोनी घोष और तृणमूल के अन्य वरिष्ठ नेताओं को गालियां देती नजर आ रही है। इसके अलावा BJP के गुंडे तृणमूल के कई प्रमुख नेताओं के घरों के बाहर देखे गए हैं, जो उन्हें अपने घरों से बाहर निकलने की चुनौती दे रहे हैं।'

बाजार बंद और आवश्यक सेवाएं बाधित

रोहिणी आचार्य ने कहा कि बंगाल में हालात बिगड़ने के डर से बिहार और UP के मजदूरों ने वहां से पलायन करना शुरू कर दिया है। रोहिणी ने लिखा, 'उपद्रवी होटलों में बिना पैसे दिए खाना खा रहे हैं, वे जबरदस्ती रिटेल दुकानों से सामान लूट रहे हैं।कई बाजार बंद पड़े हैं और लूटपाट के डर से बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपनी दुकानें खाली करके उन पर ताले लगा दिए हैं। सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही कम हो गई है। जरूरी सेवाएं बाधित हो रही हैं और जरूरी चीजों की सप्लाई और वितरण में रुकावट आ रही है। मौजूदा हालात से घबराकर और स्थिति बिगड़ने के डर से बिहार-UP के मजदूरों ने बंगाल से पलायन शुरू कर दिया है।'

रोहिणी आचार्य ने यह कहते हुए अपनी बात समाप्त की कि निचोड़ यह है कि बंगाल को अराजकता की आग में धकेला जा रहा है और बंगाल जो अपनी संस्कृति और सहिष्णुता के लिए जाना जाता है, वो आज भाजपा प्रायोजित अशांति के बोझ तले कराह रहा है।