
बिहार में आज होगी झमाझम बारिश। फोटो - पत्रिका
Bihar Weather:बिहार में पिछले पांच दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भीषण गर्मी और लू के बीच, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हो रही बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज भी राज्य के 15 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान न सिर्फ तेज हवाएं चलने की उम्मीद है, बल्कि बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण-पूर्वी बिहार के जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पूर्णिया, कटिहार, बांका, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, जमुई और नवादा शामिल हैं। इन इलाकों के लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहें।
बिहार के ज्यादातर जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि , मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों के बाद, तापमान में एक बार फिर धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों पर नजर डालें तो, राज्य में सबसे ज्यादा तापमान 38.4 डिग्री डेहरी में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 19.2 डिग्री मोतिहारी में दर्ज किया गया।
इस साल मई की शुरुआत काफी हद तक मॉनसून जैसी लग रही है। पिछले 24 घंटों में, राज्य में 89.7 mm बारिश दर्ज की गई, जो साल के इस समय में आमतौर पर होने वाली सामान्य बारिश 31.8 mm से 182% ज्यादा है। राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई है। जिसमें वैशाली जिला के हाजीपुर में 59.0 mm और बक्सर जिला के सिमरी में 58.6 mm बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आंधी-बारिश वाले ये हालात 7 मई तक बने रहने की उम्मीद है। आसमान साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद 8 मई के बाद ही है। राजधानी पटना की बात करें तो, 9 मई तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास शरण न लें क्योंकि तेज हवाओं के बीच बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
Updated on:
06 May 2026 07:09 am
Published on:
06 May 2026 07:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
