5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

क्या चुनाव आयोग ने हाथ पकड़कर वोट डलवाया? राहुल गांधी के आरोप पर दिलीप जायसवाल का पलटवार

भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए पूछा कि क्या चुनाव आयोग ने मतदाताओं का हाथ पकड़कर कमल पर वोट डलवाया था। उन्होंने कहा कि सनातन और राष्ट्रवाद के खिलाफ राजनीति करने वालों को जनता ने नकारा है।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

May 05, 2026

rahul gandhi and dilip jaiswal

राहुल गांधी और दिलीप जायसवाल

पश्चिम बंगाल और असम सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद देश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। चुनावी नतीजों ने जहां सत्ता पक्ष में उत्साह भर दिया है, वहीं विपक्ष चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठा रही है। इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग (EC) पर 'चुनाव चोरी' का आरोप लगाया। जिसके बाद बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप जायसवाल ने मोर्चा संभालते हुए उन पर कड़ा पलटवार किया है। जायसवाल ने कहा कि सिर्फ आरोप लगाने से नहीं होगा, सबूत दें राहुल गांधी।

दिलीप जायसवाल ने पूछा- क्या हाथ पकड़कर डलवाया वोट?

राहुल गांधी के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने इसे उनकी हताशा बताया। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जायसवाल ने राहुल गांधी से सीधे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि चुनाव आयोग ने भाजपा की किस तरह की मदद की है। जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा, 'सिर्फ आरोप लगाना काफी नहीं है। क्या चुनाव आयोग ने किसी मतदाता का हाथ पकड़कर उनसे जबरन कमल के निशान पर वोट डलवाया था?'

दिलीप जायसवाल ने चुनाव आयोग का बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि आयोग ने पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराए हैं। पारदर्शिता के साथ हुए चुनाव में कमल खिला है। इसीलिए राहुल गांधी के किसी भी बात को देश की जनता गंभीरता से नहीं लेती है। वो पहले भी 'पप्पू' थे, आज भी 'पप्पू' हैं।

सनातन और राष्ट्रवाद विरोधियों का हुआ सफाया - दिलीप जायसवाल

दिलीप जायसवाल ने केवल आरोपों का जवाब ही नहीं दिया, बल्कि पांच राज्यों केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इन नतीजों को सनातन और राष्ट्रवाद की जीत बताया। जायसवाल के अनुसार, इन सभी पांच राज्यों के परिणामों में एक बात समान है कि जिन्होंने भी सनातन, हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के खिलाफ राजनीति करने की कोशिश की, उन्हें जनता ने कड़ा सबक सिखाया है।

जायसवाल ने दावा किया कि न केवल इन राज्यों की सरकारों को झटका लगा है, बल्कि उनके बड़े दिग्गज नेता भी चुनावी मैदान में धराशायी हो गए हैं। भाजपा नेता ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि ममता बनर्जी, गोगोई और स्टालिन जैसे कद्दावर नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है और वे अपनी खुद की सीटों पर भी चुनाव हार गए हैं।

राहुल गांधी ने चुनाव चोरी का लगाया था आरोप

सोमवार को चुनाव परिणाम सामने आने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने असम और बंगाल के चुनावी नतीजों को जनादेश की खुली 'चोरी' करार दिया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि असम और बंगाल के मामले स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि चुनाव आयोग की मदद से भाजपा ने चुनाव चुराया है।

राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर ममता बनर्जी के दावों का समर्थन करते हुए कहा कि बंगाल में 100 से अधिक सीटें चुराई गई हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने यही प्लेबुक पहले मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा चुनाव 2024 में भी अपनाई थी। उन्होंने अंत में तीखा तंज कसते हुए लिखा, 'चुनाव चोरी, संस्था चोरी - अब और चारा ही क्या है।'