पटना

बांकीपुर का किला बचाने की जंग! बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार आज करेंगे नामांकन, PK की पदयात्रा से BJP के गढ़ में हलचल

बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी आज नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि प्रशांत किशोर 11 जुलाई को नामांकन करेंगे। बीजेपी ने अभिषेक पर भरोसा जताया है, जिनका मुकाबला PK और आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता से होगा। प्रशांत किशोर बीजेपी के गढ़ में सेंध लगाने के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं। वहीं, रेखा गुप्ता की उम्मीदवारी को लेकर आरजेडी और कांग्रेस में नाराजगी के स्वर उठे हैं।
2 min read
Jul 09, 2026
Bankipur BY Election
बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार

बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 11 जुलाई को नामांकन करेंगे। नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। अब तक तीन प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। अभिषेक के नामांकन में शामिल होने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना आने का कार्यक्रम था, लेकिन अंतिम समय में उनका कार्यक्रम बदल गया। अब वह 10 जुलाई को पटना पहुंचेंगे।

प्रत्याशी घोषित होने के बाद अभिषेक बंटी ने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात की। बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर आशीर्वाद लिया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई बांकीपुर सीट पर पार्टी ने अभिषेक बंटी पर भरोसा जताया है। इस सीट पर उनका मुकाबला जन सुराज के प्रशांत किशोर और आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता से होगा।

BJP के गढ़ में PK की सेंध की कोशिश

इधर, प्रशांत किशोर बीजेपी के गढ़ में सेंध लगाने के लिए चुनाव प्रचार को और तेज कर दिया है। वह अपनी टीम के साथ रोजाना करीब नौ घंटे प्रचार कर रहे हैं। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर भी मंथन कर रहे हैं। यह प्रशांत किशोर का पहला प्रत्यक्ष चुनाव है। इससे पहले उनकी जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सभी सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा और एक भी सीट नहीं जीत सकी।

अब प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट के जरिए जन सुराज की विधानसभा में एंट्री कराने की कोशिश में जुटे हैं। वह बीजेपी के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में जीत का दावा करते हुए लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने भी बुधवार से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है।

RJD के टिकट पर उठे विरोध के स्वर

आरजेडी ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, इस फैसले को लेकर पार्टी के अंदर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। जहानाबाद के आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव और मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने उम्मीदवार चयन पर नाराजगी जताई है। सुरेंद्र यादव ने आरजेडी प्रत्याशी से जुड़े सवाल पर कहा, "कौन हैं रेखा गुप्ता?" वहीं, भाई वीरेंद्र ने कहा कि यह चुनाव बीजेपी को हराने के लिए था, लेकिन अलग प्रत्याशी उतारकर हम बीजेपी को फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस भी आरजेडी के इस फैसले से संतुष्ट नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि अगर रेखा गुप्ता महागठबंधन की उम्मीदवार हैं तो इस फैसले पर सहयोगी दलों से चर्चा होनी चाहिए थी।

Updated on:
09 Jul 2026 10:36 am
Published on:
09 Jul 2026 10:32 am
Also Read
View All
Bihar Crime: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने पर SP की आई प्रतिक्रिया, आरोपियों की हुई पहचान

SIR Notice: SIR में बड़े नाम भी नहीं बचे? जयशंकर के नोटिस पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने दिया विपक्ष को करारा जवाब

Bihar Floods: तेजस्वी के बाढ़ वाले बयान पर पप्पू यादव का पलटवार, बोले- जब PM दीये जला रहे थे, आप टिकट बांट रहे थे

‘पढ़ाई के लिए बाहर जा रहे लाखों करोड़ रुपये’, सीएम सम्राट चौधरी बोले- बिहार में ही बनाएंगे मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर

‘सुशांत के पास थे दिशा की हत्या के सारे सबूत, इसलिए कराई गई घटना’, सुशांत सिंह राजपूत के भाई पन्ना सिंह का आरोप