BCECE 2026: बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा बोर्ड ने इंजीनियरिंग, मेडिकल, फार्मेसी और कृषि संस्थानों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार 5 मई तक आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
BCECE 2026: बिहार के सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ-साथ विभिन्न डिग्री कोर्सों में नामांकन की राह देख रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा बोर्ड (BCECEB) ने 2026 की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही इंजीनियरिंग, फार्मेसी और कृषि जैसे अंडरग्रेजुएट लेवल के कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया तेज हो गई है।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा 30 मई और 31 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को बिना किसी रुकावट के कराने के लिए बोर्ड ने एक विस्तृत शेड्यूल तैयार किया है। 30 मई को परीक्षा चार अलग-अलग शिफ्ट में होगी जबकि 31 मई को यह एक ही शिफ्ट में पूरी हो जाएगी। यह परीक्षा पूरे राज्य में बने अलग-अलग केंद्रों पर ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 को शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 मई 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवारों के पास परीक्षा फीस जमा करने के लिए 6 मई तक का समय है। अगर कोई उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कोई गलती कर देता है तो उन गलतियों को सुधारने के लिए 7 मई और 8 मई को एक करेक्शन विंडो खोला जाएगा।
बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सभी रजिस्टर्ड उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 22 मई 2026 को ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। बिहार के सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक कोर्स के लिए नामांकन की प्रक्रिया दो चरणों में होती है। सबसे पहले JEE (Main) के अंकों के आधार पर ऑनलाइन काउंसलिंग के 2 राउंड आयोजित किए जाएंगे।इसके बाद जो भी सीटें खाली बचेंगी उन्हें BCECE 2026 परीक्षा से बनी मेरिट लिस्ट के आधार पर भरा जाएगा।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा 2026 के संबंध में किसी भी विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड और पाठ्यक्रम विवरण के लिए उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जा सकते हैं। उम्मीदवार वेबसाइट से परीक्षा प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड कर सकते हैं, जिसमें आवेदन प्रक्रिया से लेकर प्रवेश प्रक्रियाओं तक के सभी नियमों की रूपरेखा दी गई है।