
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर में हुए बहुचर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर पुलिस का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जो कार्रवाई की, वह सही थी और उसमें कुछ भी गलत नहीं था। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मांझी ने कहा, "अगर कोई हम पर बंदूक ताने या रिवॉल्वर लहराए, तो हम उसे कैसे छोड़ सकते हैं?"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसी घटनाओं में कई एसआई समेत अनेक पुलिसकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं। पुलिसकर्मी मारे जाएं तो कोई सवाल नहीं उठाता, लेकिन जब पुलिस जवाबी कार्रवाई करती है और कोई अपराधी मारा जाता है या घायल होता है, तो उसे गलत बताया जाता है।" जीतन राम मांझी इससे पहले भी भरत तिवारी एनकाउंटर के समर्थन में अपना पक्ष रख चुके हैं।
जीतन राम मांझी ने आगे कहा, "मेरे अनुसार, पुलिस ने वहां किसी तरह की बर्बरता नहीं की है। सबसे अहम बात यह है कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले की न्यायिक जांच के लिए आयोग गठित कर दिया है। ऐसे में अब जांच होने दी जानी चाहिए। इसके बाद इस मामले पर अनावश्यक बयानबाजी का कोई औचित्य नहीं है।" उन्होंने पत्रकारों से भी कहा कि इस विषय पर बार-बार सवाल उठाने की आवश्यकता नहीं है।
इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने 17 जून को भरत तिवारी एनकाउंटर पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उस समय उन्होंने कहा था कि यदि परिवार का दावा है कि भरत तिवारी मानसिक रूप से विक्षिप्त था, तो उसके हाथ में रिवॉल्वर क्यों रहने दिया गया। उनका कहना था कि हथियार पहले ही छीन लिया जाना चाहिए था।
मांझी ने परिवार पर उसे उकसाने का आरोप भी लगाया था। उन्होंने कहा था कि यदि कोई पुलिस पर पिस्टल तानेगा, तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई को गलत नहीं कहा जा सकता। उनके अनुसार, भरत तिवारी ने पुलिस पर हथियार ताना था, इसलिए पुलिस की कार्रवाई गलत नहीं थी।
इससे पहले भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर भोजपुरी फिल्म अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन ने भी कहा था कि भरत तिवारी ‘अपराधी था, इसलिए एनकाउंटर हुआ’। रवि किशन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले चुनाव को देखते हुए इस मामले को अनावश्यक रूप से तूल दिया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि भरत तिवारी पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उनके अनुसार, वह या तो अपराध में शामिल था या अपराध करने की तैयारी में था, इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। रवि किशन ने यह भी कहा कि फर्जी आरोपों के जरिए जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।