
भरत तिवारी (फोटो- bharat tiwari facebook)
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: कथित फर्जी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी की श्रद्धांजलि सभा सह ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग बिलौटी गांव पहुंचने लगे हैं। श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज से पहले भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए अखंड पूजा का आयोजन किया गया है। परिजनों ने बताया कि ब्रह्मभोज में 15 हजार से अधिक लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए घर के आसपास के खेतों में टेंट और शामियाने लगाए गए हैं। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभा स्थल पर कूलर और पंखों की भी व्यवस्था की गई है।
गांव के लोगों का कहना है कि 24 जून को आयोजित महापंचायत में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों से हजारों लोग पहुंचे थे। महापंचायत से लौटते समय उन्होंने श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज में भी शामिल होने का आश्वासन दिया था। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। श्रद्धांजलि सभा के संयोजक पंकज त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन को कार्रवाई के लिए जो समय दिया गया था, उसकी समय-सीमा आज समाप्त हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कथित फर्जी एनकाउंटर में शामिल लोगों की आज गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे आगे निर्णायक आंदोलन शुरू करेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
श्रद्धांजलि सभा के संयोजक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 24 जून को आयोजित महापंचायत में कथित एनकाउंटर में शामिल सभी आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की गई थी। इसके लिए महापंचायत की ओर से प्रशासन को 30 जून तक का समय दिया गया था। यह समय-सीमा मंगलवार को समाप्त हो गई।
उन्होंने कहा कि महापंचायत से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोग भी मंगलवार को बिलौटी गांव पहुंच रहे हैं। श्रद्धांजलि सभा के दौरान आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन की आगामी रूपरेखा तय की जा सकती है।
पंकज त्रिपाठी ने लोगों से अपील की कि वे भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने के समर्थन में उनकी तस्वीर को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल (डीपी) पर लगाकर अभियान से जुड़ें।
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर ब्राह्मण संगठनों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। सोमवार को उत्तर प्रदेश में भारतीय ब्राह्मण महासभा ने विभिन्न जिलों में कैंडल मार्च निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की। महासभा ने 1 जुलाई को बिलौटी गांव पहुंचकर भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात करने और आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा करने का आह्वान किया है। भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में लोग बिलौटी गांव पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और परिजनों को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस अभियान को परशुराम सेना, अखिल भारतीय चाणक्य परिषद, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सहित कई अन्य संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है।
Updated on:
30 Jun 2026 07:41 am
Published on:
30 Jun 2026 07:33 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
