पटना

भरत तिवारी एनकाउंटर: पूर्व NSG कमांडो लकी बिष्ट का नया दावा, बोले- भोजपुर SP ने मृतक के भाई को अकेले में धमकाया

Lucky Bisht on Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पूर्व RAW एजेंट और NSG कमांडो लकी बिष्ट ने भोजपुर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि एसपी राज ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा देने के बाद भरत तिवारी के भाई को अलग ले जाकर आंदोलन बंद करने की चेतावनी दी। इन आरोपों को लेकर लकी बिष्ट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो भी जारी किया है।
2 min read
Jun 26, 2026
lucky bisht in bharat tiwari encounter case
भरत तिवारी केस में लकी बिष्ट का नया दावा

Bharat Tiwari Encounter Case: बिहार के भोजपुर में हुए भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में देश के जाने-माने पूर्व एनएसजी (NSG) कमांडो लकी बिष्ट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) श्री राज पर मृतक के भाई को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। लकी बिष्ट ने दावा किया है कि 24 जून को भोजपुर के एसपी श्री राज पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और न्याय का भरोसा दिलाने के लिए भरत तिवारी के घर पहुंचे थे। जहां एसपी ने बड़े-बड़े वादे किए थे कि पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच होगी और हर पहलू को खंगाला जाएगा।

अकेले में ले जाकर दी धमकी - लकी बिष्ट

पूर्व एनएसजी कमांडो लकी बिष्ट ने भोजपुर एसपी राज पर आरोप लगाते हुए कहा, "पर्दे के पीछे की कहानी यह है कि एसपी साहब भरत तिवारी के छोटे भाई चंदन तिवारी को अकेले में लेकर गए। चंदन अभी महज 16-17 साल का बच्चा है और 12 वीं क्लास में पढ़ता है। एसपी साहब ने उस बच्चे से अकेले में कहा कि यह जो सब कुछ चल रहा है, इसे जितनी जल्दी हो सके बंद करो। जब बच्चे ने उनसे पूछा कि सर ऐसा क्यों? तो एसपी साहब का जवाब था कि तेरा भाई अपराधी था, उसने पुलिस वालों को हथियार दिखाया था, इसलिए वह मारा गया। अब यह सब तुरंत बंद हो जाना चाहिए।'"

लकी बिष्ट ने सवाल उठाया कि क्या वास्तव में यह धमकी सिर्फ भोजपुर एसपी अपने स्तर पर दे रहे थे, या फिर वे पटना में बैठे किसी बड़े रसूखदार के और सरकार के शीर्ष आदेशों को फॉलो कर रहे थे?

मेरे पास सबूत हैं - लकी बिष्ट

पूर्व कमांडो लकी बिष्ट ने कहा कि यह इस देश और बिहार राज्य का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि भारतीय पुलिस सेवा (IPS) जैसी प्रतिष्ठित कुर्सियों पर ऐसे अधिकारी मौजूद हैं। उन्होंने एसपी राज को चैलेंज देते हुए कहा, "एसपी साहब, अगर आपको लगता है कि मैं झूठ बोल रहा हूं या गलत कह रहा हूं, तो सुन लीजिए, अगर आपको इस बातचीत का सबूत चाहिए तो सीधे मुझसे आकर ले लेना। मैं हमेशा पर्दे के पीछे की कहानी की बात करता हूं सर।"

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की एसपी को हटाने की मांग

लकी बिष्ट ने बिहार की एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री सच में बिहार की जनता के साथ खड़े हैं और उस बिलखती हुई मां को अपने बेटे की मौत का इंसाफ दिलाना चाहते हैं, तो सबसे पहले इन एसपी साहब को वहां से हटाना चाहिए। लकी बिष्ट ने कहा कि जो जिले का कप्तान खुद एक गवाह और नाबालिग बच्चे को उसके ही घर में घुसकर धमका कर आ रहा हो, क्या आपको लगता है कि वह इस मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच होने देगा? ऐसे अधिकारी के रहते पीड़ित परिवार को कभी न्याय नहीं मिल सकता।

दुश्मन सरहद पार नहीं, हमारे सिस्टम के भीतर - लकी बिष्ट

लकी बिष्ट ने कहा, "जब से होश संभाला है, हमें हमेशा यही लगता था कि हमारे असली दुश्मन सीमा (LOC) के उस पार बैठे हैं। हमें लगता था कि आईएसआई (ISI) या सीआईए (CIA) वाले हमारे देश के दुश्मन हैं। लेकिन अब इस सिस्टम को देखकर समझ में आ रहा है कि देश को किसी बाहरी दुश्मन की जरूरत ही नहीं है, क्योंकि आप जैसे बड़े-बड़े जिम्मेदार ऑफिसर्स देश की मुख्य कुर्सियों पर बैठकर ही अपनों का दमन कर रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है।"

Updated on:
26 Jun 2026 08:09 am
Published on:
26 Jun 2026 08:08 am