Bihar Cabinet Expansion: बिहार में आज सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में 27 से 30 मंत्रियों के शपथ लेने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत एनडीए के तमाम नेता मौजूद रहेंगे।
Bihar Cabinet Expansion:बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के पदभार ग्रहण करने के बाद आज मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार होने जा रहा है। पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12:30 बजे से आयोजित होने वाले समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा-जदयू सहित अन्य सहयोगी दल के कुल 27-30 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए विशेष विमान से सुबह 11:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से होते हुए भाजपा कार्यालय के रास्ते दोपहर 12:15 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे। पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए गांधी मैदान में तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं। प्रधानमंत्री लगभग डेढ़ घंटे शहर में रहेंगे और दोपहर 1:00 बजे कार्यक्रम की समाप्ति के बाद रवाना होंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिस जवानों और 400 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जबकि आसपास की ऊंची इमारतों पर भी शार्पशूटर तैनात रहेंगे।
कैबिनेट विस्तार से ठीक पहले राजधानी में सियासी सरगर्मी चरम पर रही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार शाम ही पटना पहुंच गए थे। शाह ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ देर रात तक मंथन किया और मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अमित शाह ने राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
जदयू कोटे से मंत्रियों की सूची में सबसे चर्चित नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का है, जिनके आज मंत्री पद की शपथ लेने की प्रबल संभावना है। सूत्रों के अनुसार, जदयू ने अनुभव और क्षेत्रीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है। संभावित नामों में डॉ. अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, मो. जमा खान, श्वेता गुप्ता, बुलो मंडल, अतिरेक कुमार, चेतन आनंद और रत्नेश सदा शामिल हैं।
भाजपा अनुभवी दिग्गजों के साथ-साथ युवा और कद्दावर चेहरों पर दांव खेल सकती है। प्रमुख नामों में पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, रमा निषाद, संजीव चौरसिया, रामकृपाल यादव और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह का नाम रेस में सबसे आगे है। इनके अलावा प्रमोद चंद्रवंशी, जीवेश मिश्रा, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर और अरुण शंकर प्रसाद भी मंत्री बनाए जा सकते हैं।
एनडीए के छोटे लेकिन महत्वपूर्ण घटक दलों को भी इस विस्तार में उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) से दो मंत्रियों के शपथ लेने की उम्मीद है। वहीं, जीतन राम मांझी की पार्टी HAM से एक और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो से एक मंत्री बनाया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह में बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति की भी अनूठी झलक मिलेगी। गांधी मैदान में बने भव्य मंचों को फूलों से सजाया गया है, जहां शपथ ग्रहण से पहले और बाद में लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें प्रसिद्ध छठ गीतों के साथ-साथ जट-जटिन और झिझिया नृत्य का प्रदर्शन होगा। आम जनता के बैठने के लिए गेट नंबर 5 से 10 तक प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकें।