bihar vidhan sabha chunav: लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की गाड़ी को लोगों ने रोक लिया और मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
Bihar Election 2025 first phase voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 121 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। दोपहर एक बजे तक 42.31 प्रतिशत वोटिंग हो गई है। इसी बीच लखीसराय में बीजेपी प्रत्याशी विजय सिन्हा की गाड़ी को लोगों ने घेर लिया। इस दौरान चप्पले फेंकी गई और उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया। मौके पर पुलिस बल ने भीड़ को तितर-बितर किया।
डिप्टी सीएम और लखीसराय विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्यासी विजय सिन्हा ने आरजेडी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये राजद के गुंडे है। NDA सत्ता में आ रही है। गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। विजय सिन्हा जीतने वाले हैं। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं देने दिया। उनकी गुंडागर्दी देखिए।
इस घटना पर चुनाव आयोग ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। हिंसा करने वाले लोगों पर कार्रवाई होगी। EC ने कहा कि मामले में डीजीपी को एक्शन लेने के लिए कहा गया है।
हालांकि इससे पहले डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा था कि राजद के लोगों की मानसिकता अभी भी बूथ कैप्चरिंग की है, लेकिन जनता, मतदाता मालिक हैं। RJD और कांग्रेस अराजकता के प्रतीक हैं और बूथ कैप्चरिंग से बाज नहीं आते। शायद वे भूल गए हैं कि बिहार में सुशासन है और आतंकवाद और उग्रवाद खत्म हो गया है और अब अपराध की बारी है।
बता दें कि मतदान करने के बाद विजय सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के वोट में छिपी हुई है, इसलिए सभी लोगों को मतदान करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के विकास और उन्नति में हर वोटर की भूमिका अहम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं।