पटना

Bihar Chunav: ‘सरकार को इसपर एक्शन लेना चाहिए’, मोकामा में वोटिंग के बाद सूरजभान सिंह ने क्यों कह दी यह बात?

पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने मोकामा में वोट डालने के बाद कहा कि बिहार में लोग उत्साह से मतदान कर रहे हैं और हमें समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने जीविका दीदियों के प्रचार पर चिंता जताई।
2 min read
Nov 06, 2025
सूरजभान सिंह
सूरजभान सिंह (फ़ोटो- वीणा देवी फेसबुक )

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मोकामा में वोटिंग जारी है। पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने गुरुवार को अपना वोट डाल दिया है। वोट देने के बाद प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने कहा कि बिहार भर में सभी जाति और धर्म के लोग लोकतंत्र के इस महापर्व को उत्साह के साथ मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोग हमें अपना समर्थन देकर आशीर्वाद दे रहे हैं। हालांकि, एक छोटी सी समस्या है जिस पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए, जीविका दीदियां कुछ जगहों पर प्रचार करती दिख रही हैं, जिसकी आवश्यकता नहीं है।

मोकामा सीट से राजद उम्मीदवार हैं वीणा देवी

सूरजभान सिंह ने कहा कि जीविका दीदियों का कर्तव्य अपनी सरकारी जिम्मेदारियां निभाना है, मतदान के दौरान प्रचार करना नहीं।

बता दें कि सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी मोकामा सीट से राजद उम्मीदवार हैं। वहीं, जदयू ने मौजूदा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।

सूरजभान सिंह ने साल 2000 के विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से चुनाव लड़कर अनंत सिंह के बड़े भाई दिलीप सिंह को हराया था। इसके बाद, 2005 से लगातार अनंत सिंह इस सीट से विधायक हैं।

दुलारचंद्र यादव की हत्या के बाद अनंत सिंह गिरफ्तार

बता दें कि मोकामा में 30 अक्टूबर को बाहुबली नेता दुलारचंद्र यादव की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को लेकर अनंत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दुलारचंद्र यादव की हत्या तब हुई, जब वे चुनाव प्रचार कर रहे थे। इस दौरान अनंत सिंह के समर्थकों और दुलारचंद्र यादव के समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसमें दुलारचंद्र यादव की जान चली गई।

14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे गए अनंत सिंह

पटना पुलिस ने शनिवार देर रात अनंत सिंह को उनके घर से गिरफ्तार किया। अनंत सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अनंत सिंह पर हत्या और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने मोकामा विधानसभा सीट पर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

Updated on:
06 Nov 2025 12:28 pm
Published on:
06 Nov 2025 11:39 am