पटना

बिहार में नई सरकार का काउंटडाउन शुरू: सुबह-सुबह विजय सिन्हा के साथ सीएम हाउस पहुंचे लखेंद्र पासवान, सियासी बैठकों का दौर जारी

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आज (रविवार) सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास, 1 अणे मार्ग पर जदयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंच रहे हैं।

2 min read
Apr 12, 2026
बिहार के सीएम नीतीश कुमार

बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकातों का दौर लगातार जारी है। उनके बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। रविवार सुबह डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के साथ बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान सीएम हाउस पहुंचे। पिछले 24 घंटों में लखेंद्र पासवान का यह दूसरा दौरा है। सूत्रों के मुताबिक, सीएम हाउस में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। इन लगातार बैठकों और मुलाकातों ने बिहार का सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।

ये भी पढ़ें

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला तय? BJP से मुख्यमंत्री, JDU को मिलेंगे दो डिप्टी सीएम

सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

नीतीश कुमार के राज्यसभा की शपथ लेने के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य में नई सरकार भाजपा के नेतृत्व में बनने की चर्चा है, लेकिन भाजपा कोटे से मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। फिलहाल भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि, शुक्रवार को दिल्ली से पटना लौटने के बाद उनकी सक्रियता कम दिखने से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। दिल्ली से लौटने के बाद वे एयरपोर्ट से सीधे अपने आवास चले गए। इसके बाद शनिवार (11 अप्रैल) को वे पार्टी द्वारा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुए। शनिवार शाम को सम्राट चौधरी घर से निकले और सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ विजय कुमार सिन्हा और मंत्री लखेंद्र पासवान भी मौजूद थे।

शपथ से पहले हलचल तेज

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से भी मुलाकात की। इस मुलाकात को 15 अप्रैल को संभावित शपथ ग्रहण समारोह से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद 15 अप्रैल को नई सरकार के गठन की संभावना है।

शनिवार को मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकलते समय बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इंतजार की घड़ी जल्द खत्म होने वाली है और नई सरकार को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर फैसला एनडीए के शीर्ष नेता करेंगे।

ये भी पढ़ें

सीएम आवास छोड़ रहे नीतीश कुमार! ट्रैक्टर-ट्रॉली से भेजा जा रहा सामान, जानें कहां हो रहे शिफ्ट
Updated on:
12 Apr 2026 10:06 am
Published on:
12 Apr 2026 10:05 am
Also Read
View All