बिहार में इस बार अप्रैल में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इससे राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बने रहने की संभावना है।
बिहार में इस बार गर्मी ने डरावना रूप ले लिया है। अप्रैल महीने में ही मई-जून जैसी तपिश महसूस हो रही है। सूरज की तीखी किरणों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बुधवार को बक्सर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में कम से कम 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे अब तक के रिकॉर्ड टूटने की आशंका है।
अप्रैल महीने का अब तक का सर्वाधिक तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 2016 में महीने के आखिरी दिन दर्ज किया गया था। लेकिन इस बार महीने के खत्म होने से करीब 8 दिन पहले ही तापमान उस स्तर के बेहद करीब पहुंच गया है। पटना समेत बिहार के करीब 10 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में दिन के समय गर्म हवाएं चलने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर या सामान्य से 3–4 डिग्री अधिक रह सकता है।
मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य के लोगों को अगले सात दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गयाजी में 42.2 डिग्री और रोहतास में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। साथ ही, आने वाले दिनों में तापमान में कम से कम 2 डिग्री तक और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाओं के प्रभाव से अगले दो दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। पटना समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में पछुआ हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पटना में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।