पटना

‍Bihar Weather: इस सीजन में पहली बार रेड अलर्ट! कोहरे से शून्य हुई विजिबिलिटी, 7 डिग्री तक लुढ़का पारा

Bihar Weather: पछुआ हवा की वजह से बिहार में ठंड बढ़ गई है। कई शहरों में तापमान 7 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग की ओर से इस सीजन में पहली बार रेड अलर्ट जारी किया गया है।
2 min read
Dec 19, 2025
IMD Alert
मौसम विभाग ने जारी किया कड़ाके की ठंड का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Bihar Weather बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त‑व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 दिसंबर तक यही स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने पहली बार इस ठंड में 48 घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। ठंड के साथ पूरा बिहार कोहरे की सफेद चादर में लिपट गया है। विजिबिलिटी शून्य होने से चारों तरफ कुछ भी साफ नहीं दिखाई दे रहा है। इसकी वजह से गाड़ियों से लेकर ट्रेनों तक की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है। पछुआ हवा की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है और तापमान में तेज गिरावट से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पटना, मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में दिन के तापमान में 7°C तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। ठंड के मौसम में पहली बार विभाग की ओर से इस तरह का अलर्ट जारी किया गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए लोगों से घर से निकलने से पहले गर्म कपड़े पहनकर निकलने की सलाह दी है।

इन जिलों में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज और कल के लिए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, लखीसराय, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, दरभंगा, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और शेखपुरा में घने से अत्यंत घने कोहरे और ठंड का पूर्वानुमान जारी किया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पछुआ हवा की वजह से दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट आई है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार की देर रात से ही पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, कैमूर सहित पश्चिमी बिहार के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। शुक्रवार की सुबह भी घने कोहरे की वजह से गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लगी हुई है।

7°C तक गिर गया तापमान

बुधवार की तुलना में गुरुवार को दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को पटना में 5.9°C, मुजफ्फरपुर में 4.6°C, वैशाली में 6.1°C, अरवल में 7°C, औरंगाबाद में 7.2°C और गया में 7.2°C तक की गिरावट दर्ज की गई।

Updated on:
19 Dec 2025 11:58 am
Published on:
19 Dec 2025 11:58 am