पटना

‘खून खौल रहा है’, पप्पू यादव पर भड़कीं श्रेयसी-मैथिली, BJP ने पूछा- प्रियंका गांधी क्यों हैं चुप?

पप्पू यादव के विवादित बयान पर बिहार की महिला नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक मैथिली ठाकुर और अन्य महिला नेताओं ने पप्पू यादव को उनके बयान के लिए जमकर लताड़ा।

2 min read
Apr 22, 2026
भाजपा ऑफिस में श्रेयसी सिंह, मैथिली ठाकुर और अन्य (FB@Shreyasi Singh)

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव द्वारा राजनीति में 90 प्रतिशत महिलाओं को नेताओं के बेडरूम से होकर गुजरना पड़ता है वाले बयान पर बिहार भाजपा की महिला नेताओं का आक्रोश फूट पड़ा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक मैथिली ठाकुर, संगीता कुमारी और एमएलसी अनामिका सिंह ने पप्पू यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की।

ये भी पढ़ें

JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में निशांत को जगह नहीं, नीतीश ने 24 नेताओं की नई टीम से भी बेटे को रखा दूर

श्रेयसी सिंह का आक्रामक अंदाज

अर्जुन अवार्ड विजेता और जमुई से भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने बेहद कड़े शब्दों में अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, 'पप्पू यादव द्वारा इस्तेमाल किया गया अमर्यादित शब्द उनकी घटिया सोच को दर्शाता है। मेरा खून तो खौल रहा है, लेकिन भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शब्दों की मर्यादा रखना बखूबी जानते हैं। उनकी अपनी पत्नी भी सदन की सदस्य हैं, क्या वे अपनी बेटी के किसी भी प्रोफेशन में जाने पर यही भाषा बोलेंगे? उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए।'

कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए श्रेयसी सिंह ने पूछा कि क्या राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ऐसे बयानों का समर्थन करते हैं? उन्होंने कहा, 'मैं तेजस्वी यादव से भी पूछना चाहूंगी कि क्या आप पप्पू यादव के साथ खड़े हैं? क्या ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना सही है? भारत की एक महिला होने के नाते मैं इसकी निंदा करती हूं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी इस मामले पर अपना रुख साफ़ करना चाहिए।'

मैथिली ठाकुर का वार

विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि हर महिला अपनी मेहनत और टैलेंट से अपनी पहचान बनाती है। उन्होंने कहा, 'पप्पू यादव ने पूरे समाज और इस पेशे को अपमानित किया है। जिस व्यक्ति के घर की महिलाएं खुद राजनीति में सक्रिय हों, वहां से ऐसी टिप्पणी आना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह गंदी और ओछी सोच का परिणाम है।'

कांग्रेस की चुप्पी पर उठे सवाल

एमएलसी अनामिका सिंह और मोहनिया विधायक संगीता कुमारी ने प्रियंका गांधी के पुराने नारों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जो प्रियंका गांधी 'लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ' की बात करती हैं, वे आज इस अपमानजनक टिप्पणी पर शांत क्यों हैं? उन्होंने इसे राजनीति में महिलाओं के स्वाभिमान पर सीधा हमला बताया और कांग्रेस नेतृत्व से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

क्या है पूरा विवाद?

गौरतलब है कि पप्पू यादव ने हाल ही में दावा किया था कि "बिना नेताओं के कमरे (बेड) में जाए 90% महिलाएं राजनीति नहीं कर पातीं।" इस बयान के बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है। हालांकि, पप्पू यादव अपने बयान पर कायम हैं और उन्होंने नोटिस को 'रद्दी की टोकरी' में फेंकने तक की बात कह दी है।

ये भी पढ़ें

हाथों में हाथ डाल एक ही फंदे से झूल गया प्रेमी जोड़ा, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
Updated on:
22 Apr 2026 05:47 pm
Published on:
22 Apr 2026 05:22 pm
Also Read
View All