
शव बरामद होने के बाद मौके पर जुटे लोग
Bihar News: बिहार के बगहा में एक प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंत सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। बुधवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के एक आम के बगीचे में एक प्रेमी जोड़े का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृत युवक और युवती एक-दूसरे का हाथ थामे हुए और गले लगे हुए पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और फिर पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद मुस्तफा और 18 वर्षीय सहाबुन नेशा के रूप में हुई है। मुस्तफा के भाई तबरेज ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए लड़की के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि मंगलवार रात लड़की के परिवार वालों ने पंचायत बुलाई थी और शादी का आश्वासन देकर उसके भाई को घर भेज दिया था। लेकिन सुबह होते-होते यह खबर आई कि उसके भाई का शव मिल गया है।
प्रेमी जोड़े का शव जिस हालत में मिला है, उसने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है। आमतौर पर, जब कोई व्यक्ति फांसी लगाता है तो संघर्ष के दौरान उसके हाथ-पैर छटपटाते हैं और अलग हो जाते हैं। लेकिन इस मामले में जिस तरह से प्रेमी जोड़े ने एक-दूसरे को गले लगाया हुआ है और हाथ थामा हुआ है, उससे लगता है कि शायद उन दोनों ने एक साथ मरने की कसम खाई हो या फिर यह कोई सोची-समझी साजिश है। वार्ड पार्षद मुमताज आलम ने इस घटना को साफ तौर पर ऑनर किलिंग बताया है।
इस घटना से आक्रोशित होकर, युवक के परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 727 को जाम कर दिया और न्याय की मांग करते हुए विरोध में जमकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद ही यह जाम हटाया गया और उसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस संबंध में नगर थाना के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है, जिसमें प्रेम-प्रसंग, हत्या या आत्महत्या शामिल हैं। बगहा के SDPO कुमार देवेंद्र के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या हत्या।
Updated on:
22 Apr 2026 03:17 pm
Published on:
22 Apr 2026 03:17 pm
