
पूर्णिया में सेक्स रैकेट का खुलासा (फोटो-पत्रिका)
Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले में देह व्यापार के खिलाफ लड़ाई में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जिला प्रशासन और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुलाबबाग जीरो माइल स्थित रेड-लाइट इलाके में छापा मारा, जिससे एक बड़े पैमाने पर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। लगभग तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने देह व्यापार के चंगुल से 9 नाबालिग लड़कियों को बचाया और 23 लोगों को हिरासत में ले लिया, जिसमें 16 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, एक NGO को शहर के गुलाबबाग जीरो माइल इलाके में अवैध देह व्यापार और नाबालिग लड़कियों की तस्करी के बारे में एक गुप्त सूचना मिली थी। NGO ने तुरंत पूर्णिया पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर SDM दीक्षित श्वेताम और सदर SDPO ज्योति शंकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पूरी गोपनीयता बरतते हुए टीम ने रेड-लाइट इलाके को चारों ओर से घेर लिया।
छापेमारी के दौरान, पुलिस को संदिग्ध कमरा मिला, जिसके बाहर ताला लटका हुआ था। शक के आधार पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ दिया, लेकिन ताला टूटते ही अंदर जो दृश्य दिखा उसे देख पुलिसकर्मी दंग रहे गए। उस एक कमरे के अंदर 16 महिलाएं और 7 पुरुष मौजूद थे। पुलिस ने तुरंत सभी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए पुरुषों के बारे में माना जा रहा है कि वे ग्राहक थे, जो छापेमारी के समय उस जगह पर मौजूद थे।
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने देह व्यापार के धंधे में शामिल कुल नौ नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू भी किया। तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन की शुरुआत में ही, पुलिस ने छह नाबालिगों को हिरासत में ले लिया, जबकि तीन अन्य नाबालिग लड़कियां उसी कमरे में मिलीं जहां अन्य महिलाओं और पुरुषों को पकड़ा गया था। इन नाबालिग लड़कियों को धोखे या डरा-धमकाकर इस अवैध धंधे में धकेला गया था।
जैसे ही पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर सेक्स रैकेट चलाने वाले मुख्य लोग और दलाल मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। हालांकि, पुलिस ने उनकी पहचान कर रही है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अभी भी छापे मारे जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रेस्क्यू की गई इन नाबालिग लड़कियों को कहां से लाया गया था और इस रैकेट के तार किन-किन शहरों से जुड़े हैं। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मेडिकल जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बचाई गई नाबालिग लड़कियों को एक शेल्टर होम में भेज दिया जाएगा। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर के किसी भी हिस्से में गैर-कानूनी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
Updated on:
22 Apr 2026 02:19 pm
Published on:
22 Apr 2026 02:18 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
