पटना

रूम के बाहर लगा था ताला, अंदर बेड पर थी छात्रा की लाश; शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने ही किया कत्ल

पटना के बिहटा में 21 साल की इंजीनियरिंग की छात्रा की हुई हत्या का राज खुल गया है। छात्रा की हत्या उसके ही बॉयफ्रेंड ने की थी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 
2 min read
Apr 15, 2026
bihar crime news, murder news
छात्रा की फाइल फोटो और घटना की जानकारी देते सिटी एसपी

Bihar Crime News:पटना के बिहटा थाना अंतर्गत राघोपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। औरंगाबाद की रहने वाली 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा कुमारी की उसके ही कॉलेज के साथी और प्रेमी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रेमी आर्थव श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है।

रेंटेड रूम में मिला संदिग्ध शव

अनुपमा बिहटा के एक निजी संस्थान से इंजीनियरिंग डिप्लोमा कर रही थी और राघोपुर में किराए के मकान में अकेले रहती थी। 13 अप्रैल की रात जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और बाहर से ताला लटका मिला, तो संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब कमरा खोला तो अंदर बेड पर अनुपमा की लाश पड़ी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

SIT के गठन और FSL की जांच से हुआ खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ दानपुर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था क्योंकि मामला बहुत संवेदनशील था। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया। पुलिस ने जब छात्रा के कॉल डिटेल्स और कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो शक की सुई उसके सहपाठी आर्थव श्रीवास्तव उर्फ राज पर जा टिकी।

शादी का दबाव बनी वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी आर्थव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि अनुपमा और आर्थव पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग में थे। कोर्स का आखिरी साल होने के कारण अनुपमा लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे आर्थव परेशान था। हत्या से दो दिन पहले कॉलेज में हुए एक इवेंट के दौरान फोटो खींचने को लेकर भी दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी।

कैसे हुई हत्या?

12 अप्रैल को आरोपी लैपटॉप देने के बहाने अनुपमा के कमरे पर पहुंचा। वहां फिर से शादी की बात छिड़ी और विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर आर्थव ने पहले अनुपमा के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से ताला लगा दिया ताकि किसी को शक न हो और वह आसानी से भाग सके।

क्या बोले सिटी एसपी

पटना पश्चिम के सिटी SP भानु प्रताप सिंह ने बताया कि अनुपमा और बक्सर के रहने वाले अर्थव श्रीवास्तव के बीच पहले से ही प्रेम-प्रसंग था और वे दोनों अक्सर फोन पर बातचीत करते थे। निजी मामलों को लेकर उनके बीच विवाद और हाथापाई हुई थी और इसी घटना के चलते आरोपी ने अनुपमा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ था या नहीं।

Updated on:
15 Apr 2026 07:08 pm
Published on:
15 Apr 2026 07:08 pm