पटना

‘शादी करूंगा’ कहकर महिला सिपाही का भरोसा जीता, बनाई गंदी वीडियो, फिर डराकर वसूले लाखों रुपये

Bihar News: बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस में तैनात एक महिला कांस्टेबल ब्लैकमेल और यौन शोषण का शिकार हो गई है। एक युवक ने न सिर्फ उसके साथ यौन उत्पीड़न किया, बल्कि अश्लील तस्वीरों और वीडियो से उसे इतना परेशान किया कि उसकी मानसिक हालत खराब हो गई है।

2 min read
Feb 05, 2026
प्रतीकात्मक तस्वीर

Bihar News: बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) की एक महिला कांस्टेबल के साथ शादी का वादा करके एक युवक ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद उसने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ महिला थाने में FIR दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें

बिजली कटौती को अलविदा? बिहार में देश का सबसे बड़ा सोलर-बैटरी प्लांट शुरू

शादी का झांसा दिया, होटल में संबंध बनाया

पीड़िता शेखपुरा जिले की रहने वाली है और BSAP में काम करती है। पुलिस को दिए अपने आवेदन में उसने बताया कि वह आरोपी से एक पारिवारिक शादी समारोह में मिली थी। दोनों में बातचीत शुरू हुई और युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा। उसका भरोसा जीतने के लिए उसने पीड़िता को अपने परिवार से भी मिलवाया। इसी दौरान, युवक ने शादी का झांसा देकर पटना के राजेंद्र नगर के एक होटल में उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने चुपके से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए।

वीडियो वायरल करने की धमकी

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद आरोपी लगातार संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब उन्होंने इंकार किया, तो आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस धमकी के सहारे उसने उनसे करीब दो लाख रुपये वसूल लिए। पैसे देने के बाद भी धमकियां और दबाव बंद नहीं हुए।

ड्यूटी के दौरान मारपीट का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने दानापुर में ड्यूटी के दौरान भी उसके साथ मारपीट की। मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता पहले महिला थाने गई। वहां काउंसलिंग के बाद आरोपी को छोड़ दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी और भी आक्रामक हो गया और उसे फिर से ब्लैकमेल करने लगा।

दूसरी शिकायत भी बेअसर

लगातार उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने बरबीघा के मिशन थाने में भी शिकायत की, लेकिन वहां भी केवल बॉन्ड भरवाकर आरोपी को छोड़ दिया गया। पीड़िता का कहना है कि इन कार्रवाइयों से आरोपी का हौसला और बढ़ गया, जबकि उन्हें किसी तरह की सुरक्षा या राहत नहीं मिली।

मानसिक रूप से टूट चुकी है पीड़िता

लगातार धमकियों, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के चलते पीड़िता के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह गंभीर तनाव में हैं और सामान्य जीवन प्रभावित हो चुका है। अब महिला थाने में दर्ज प्राथमिकी के बाद उन्हें उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें

गया जंक्शन पर 45 दिन का मेगा ब्लॉक! पटना-गया मेमू रद्द, कोसी और बुद्ध पूर्णिमा समेत दर्जनों ट्रेनों का रूट बदला; जानें नया शेड्यूल

Also Read
View All

अगली खबर