पटना

‘मां’ के अपमान पर गरमाई बिहार की सियासत! तेजस्वी यादव और RJD विधायक के खिलाफ पटना में FIR दर्ज

पीएम की माँ के खिलाफ अभद्र भाषा का मुद्दा बिहार की राजनीति में गरमा गया है। तेजस्वी यादव और एक राजद विधायक पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत माँ के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है, जिसके बाद पटना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

2 min read
Sep 21, 2025
तेजस्वी यादव (Photo-IANS)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा सुर्खियों में है। लेकिन वैशाली जिले में आयोजित एक सभा के दौरान ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने सियासी गलियारों को हिला दिया। आरोप है कि मंच पर मौजूद भीड़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं। उस वक्त मंच पर खुद तेजस्वी यादव और महुआ विधायक मुकेश रोशन मौजूद थे। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते यह मामला चुनावी बहस का केंद्र बन गया।

ये भी पढ़ें

Patna Metro: तीन बोगियों वाली होगी पटना मेट्रो ट्रेन, 1083 यात्री कर सकेंगे सफर, इस दिन होगा उद्घाटन

FIR में तेजस्वी और विधायक नामजद

विवाद बढ़ने के बाद देर रात पटना गांधी मैदान थाना में भाजपा कार्यकर्ता कृष्णा सिंह कल्लू ने शिकायत दर्ज कराई। FIR में सीधे तौर पर तेजस्वी यादव और मुकेश रोशन को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मंच से अपमानजनक शब्द कहे गए और विपक्षी नेताओं ने न तो रोका और न ही कोई आपत्ति जताई। FIR दर्ज होने के बाद अब मामला कानूनी मोड़ ले चुका है, और चुनावी मौसम में यह घटना राजद के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।

चिराग पासवान का तीखा हमला

इस विवाद पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सबसे पहले प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह राजद की “माई-बहिन योजना” की असली पहचान है। चिराग ने कहा कि राजद की सभाओं में माताओं और बहनों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नया नहीं है। उनके अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ लगातार अभद्र शब्द कहे जाते हैं और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस पर चुप्पी साध लेते हैं। चिराग ने सवाल उठाया कि क्या यह चुप्पी मौन सहमति है?

सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का बयान

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर कर लिखा, “तेजस्वी यादव अपनी सभाओं में कार्यकर्ताओं की गालियों को बढ़ावा दे रहे हैं। यह व्यवहार बिहार की संस्कृति को कलंकित करने वाला है। बिहार की माताएं और बहनें इस अपमान का लोकतांत्रिक जवाब देंगी।” वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी आरोप लगाया कि राजद के कार्यक्रमों में पीएम और उनके परिवार का अपमान करना परंपरा बन चुकी है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और बिहार की संस्कृति का घोर अपमान बताया।

कांग्रेस और दरभंगा का पुराना विवाद

यह पहला मौका नहीं है जब इस तरह का विवाद खड़ा हुआ हो। कुछ ही दिन पहले दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अभद्र शब्द कहे गए थे। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करना पड़ा। अब वैशाली की घटना ने इस विवाद को और भड़का दिया है। इतना ही नहीं कांग्रेस के सोशल मीडिया से पीएम मोदी और उनकी माँ का एक AI जेनेरेटेड वीडियो भी शेयर किया गया था, जो काफी विवादों में रहा।

भड़के गृह राज्य मंत्री

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने भी एक्स पर लिखा, “गाली-गलौज में पीएचडी हासिल कर चुके तेजस्वी यादव और उनके गुर्गों का शर्मनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। यह गाली लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ हार की बौखलाहट में है। अब पानी सिर से ऊपर गुजर चुका है, बिहार की जनता करारा जवाब देगी।”

आरजेडी की चुप्पी

इस पूरे विवाद पर अब तक राजद की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बार-बार संपर्क करने के बावजूद पार्टी पदाधिकारी टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हुए। तेजस्वी यादव ने अपनी बिहार अधिकार यात्रा 16 सितंबर से जहानाबाद से शुरू की थी। यात्रा नालंदा, बेगूसराय जैसे NDA के गढ़ों से गुज़रते हुए 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त हुई। लेकिन अंतिम चरण में यह विवाद छा गया।

ये भी पढ़ें

‘हमको संजय जायसवाल बुझते हो?’… डोनेशन के सवाल पर फूटा प्रशांत किशोर का गुस्सा, फंडिंग पर किया बड़ा खुलासा

Also Read
View All

अगली खबर