पटना

‘सब नीतीश कुमार करवा रहे हैं’, बंगला विवाद और सुरक्षा कटौती पर बोले लालू यादव

Lalu Yadav attacks Nitish Kumar: सुप्रीमो लालू यादव ने बंगला खाली करने के नोटिस और सुरक्षा कटौती के लिए पूर्व सीएम नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। लालू यादव ने कहा सब कुछ नीतीश कुमार करवा रहे हैं।

2 min read
Jun 17, 2026
lalu yadav and rabri devi bungalow
लालू यादव के साथ राबड़ी देवी (फोटो - राबड़ी देवी फेसबुक)

Lalu Yadav Security: पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास और लालू यादव व राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव बिना सुरक्षा के राबड़ी आवास से बाहर निकले तो पत्रकारों ने उनसे सवाल किया।

लालू यादव ने जवाब देते हुए सुरक्षा हटाने और सरकारी आवास खाली करने के नोटिस के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया। लालू यादव ने कहा, "हां, हमारी सुरक्षा वापस ली गई है। नीतीश कुमार ही यह सब करवा रहे हैं। यह सब उन्हीं के इशारे पर हो रहा है।" इतना कहने के बाद लालू प्रसाद यादव आगे बढ़ गए।

सब पागल हो गए हैं - लालू यादव

इससे पहले, जब लालू प्रसाद यादव सिंगापुर में इलाज के बाद भारत लौटे थे, तो दिल्ली एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा था, "ये सब लोग पागल हो गए हैं। वे हमसे नफरत करते हैं। लेकिन उनकी इन हरकतों का मुझ पर रत्ती भर भी असर नहीं पड़ेगा। सरकार जो चाहे करे। जनता ही हमारी असली सुरक्षा है।"

सरकार ने सुरक्षा में की थी कटौती

बिहार में राज्य सुरक्षा समिति की उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सरकार ने VVIP सुरक्षा में बड़े बदलाव के आदेश जारी किए थे। इस निर्देश के तहत पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को पहले दी जा रही शीर्ष-स्तरीय 'Z+' सुरक्षा में कटौती कर दी गई थी। इस सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित कमांडो, हाउस गार्ड, विशेष एस्कॉर्ट वाहन और बुलेटप्रूफ कारें शामिल थीं।

लालू परिवार ने सुरक्षा वापस लौटाई

सुरक्षा कटौती के इस फैसले से नाराज लालू परिवार और RJD ने सरकार को उसी अंदाज में जवाब दिया। लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने अपनी सुरक्षा सरकार को वापस सौंप दी। RJD नेताओं का आरोप है कि सरकार इस परिवार को अपमानित करने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश कर रही है। इतना ही नहीं लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी अपने सुरक्षा लौटा दी है।

Updated on:
17 Jun 2026 12:31 pm
Published on:
17 Jun 2026 12:28 pm