पटना

UP-बंगाल-असम से लाई गई लड़कियां, आर्केस्ट्रा की आड़ में किया गया शोषण; पुलिस ने 19 को कराया मुक्त

Saran orchestra raid: सारण पुलिस ने मंगलवार को परसा, भेल्दी और दरियापुर के आर्केस्ट्रा स्थलों से 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इन लड़कियों को प्रताड़ित कर जबरन नृत्य कराया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 
2 min read
May 12, 2026
Saran orchestra raid
आर्केस्ट्रा (सांकेतिक तस्वीर)

Saran orchestra raid:बिहार की सारण पुलिस ने एक बार फिर मानव तस्करी के साम्राज्य पर प्रहार किया है। मंगलवार को एक रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत पुलिस ने आर्केस्ट्रा संचालकों के चंगुल से 19 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। ये बच्चियां उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों से तस्करी कर बिहार लाई गई थीं, जिन्हें डरा-धमकाकर और प्रताड़ित कर जबरन डांस कराया जा रहा था।

छापेमारी से संचालकों में मचा हड़कंप

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सारण के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के इस अभियान की शुरुआत की। पुलिस की विशेष टीम ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्रों में स्थित विभिन्न आर्केस्ट्रा स्थलों की घेराबंदी की। अचानक हुई इस छापेमारी से संचालकों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने मौके से उन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया, जिन्हें बंधक जैसी स्थितियों में रखकर देह व्यापार और अश्लील नृत्य के लिए मजबूर किया जा रहा था।

5 राज्यों से जुड़े तस्करी के तार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इन लड़कियों को बेहतर भविष्य या काम का लालच देकर दूसरे राज्यों से लाया गया था। मुक्त कराई गई 19 नाबालिग लड़कियों में पश्चिम बंगाल कि 07 लड़कियां, छत्तीसगढ़ कि 05 लड़कियां, असम कि 04 लड़कियां, बिहार कि 02 लड़कियां और उत्तर प्रदेश कि 01 लड़की शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, इन बच्चियों को प्रताड़ित कर उनसे जबरन नृत्य कराया जा रहा था और उन्हें उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा गया था।

पॉक्सो और बंधुआ मजदूर एक्ट के तहत 4 गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने केवल बच्चियों को मुक्त ही नहीं कराया, बल्कि इस कृत्य में शामिल चार मुख्य आरोपियों को भी दबोच लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दरियापुर का शैलेश राय, मोतिहारी का पंच लाल, परसा का आलोक कुमार और असम का नामता डेकर शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बंधुआ मजदूर अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत महिला थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज किया है।

आवाज दो अभियान की बड़ी सफलता

सारण पुलिस द्वारा महिलाओं और बच्चियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे आवाज दो अभियान ने अब तक अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। आंकड़ों के अनुसार, मई 2023 से अब तक सारण पुलिस ने कुल 366 लड़कियों को मुक्त कराया है। इस अवधि में 49 मामले दर्ज किए गए और 123 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। एसएसपी सारण ने जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी महिला या बच्ची का शोषण हो रहा है, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें।

Published on:
12 May 2026 08:11 pm