पटना

बिहार पुलिस की तलाशी लेने वाले गैंगस्टर सोनू-मोनू के घर 4 थानों की छापेमारी, पिता प्रमोद सिंह गिरफ्तार

Mokama Police Raid on Sonu-Monu house: मोकामा के कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान सोनू-मोनू के पिता और पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि वे सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस से जब्त बाइक छुड़ाने के मामले में फरार चल रहे थे।
2 min read
Jun 26, 2026
gangster sonu monu father pramod singh arrest
पुलिस के साथ गैंगस्टर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह

Sonu-Monu father Pramod Singh arrested: पटना जिला के मोकामा में पुलिस की एक बड़ी टीम ने गुरुवार रात को एक ऑपरेशन चलाया। मोकामा के बाहुबली और मौजूदा विधायक अनंत सिंह के कट्टर दुश्मन सोनू सिंह और मोनू सिंह के घर को 4 थानों के लगभग 50 से 60 पुलिसकर्मियों ने घेर लिया। बाढ़ के SDPO रामकृष्ण की अगुवाई में हुई इस रेड में पुलिस ने सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो पटना हाईकोर्ट में वकील भी हैं।

सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि गिरफ्तार प्रमोद सिंह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से फरार चल रहे थे और उनकी यह गिरफ्तारी पचमहला थाना कांड संख्या 27/26 के आलोक में की गई है। 23 मार्च को अवैध बालू खनन की गुप्त सूचना पर पचमहला पुलिस ने गंगा घाट पर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने एक अपराधी को हथियार के साथ दबोचा था और मौके से एक मोटरसाइकिल जब्त की थी। आरोप है कि अधिवक्ता प्रमोद सिंह ने 15-20 लोगों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया, उनके साथ बदसलूकी की, सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की और जब्त की गई बाइक को जबरन पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर भाग गए थे।

जब ले ली थी बिहार पुलिस की तलाशी

इससे पहले करीब एक महीने पहले कुख्यात सोनू सिंह को गिरफ्तार करने जब पुलिस की एक टीम उसके घर पहुंची थी, तब वहां एक ऐसा वाकया हुआ जिसने बिहार पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया। सोनू के गुर्गों और परिजनों ने पुलिस टीम को मुख्य दरवाजे पर ही रोक दिया और घर के अंदर घुसने से पहले ऑन-कैमरा पुलिस के जवानों और तत्कालीन थानाध्यक्षों की ही तलाशी ले डाली।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे देश में बिहार पुलिस की भारी किरकिरी हुई। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने पचमहला के तत्कालीन थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार को सस्पेंड कर दिया था।

पैक्स अध्यक्ष पर फायरिंग मामले में भी दर्ज है केस

हाल ही में पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बेहद करीबी समर्थक और पैक्स अध्यक्ष मुकेश सिंह (सरपंच पति) पर कुख्यात सोनू-मोनू गैंग द्वारा ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। फेसबुक पोस्ट के एक विवाद को लेकर हुई इस फायरिंग में मुकेश सिंह बाल-बाल बचे थे। इस मामले में भी प्रमोद सिंह, सोनू सिंह और सौरभ सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि, पैक्स अध्यक्ष वाले मामले में प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी पर अदालत से अग्रिम रोक लगी हुई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें पुराने बालू खनन और पुलिस पर हमला करने के केस में कानूनी शिकंजे में ले लिया।

Updated on:
26 Jun 2026 06:48 am
Published on:
26 Jun 2026 06:46 am