पटना

निशांत कुमार के पास नहीं है इंजीनियरिंग की डिग्री; 8 में से पूरे किए सिर्फ 5 सेमेस्टर, फिर भी करोड़ों की संपत्ति के मालिक

Nishant kumar: चुनावी हलफनामे के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं की है। उन्होंने कोर्स के आठ में से केवल 5 सेमेस्टर पूरे किए और 2001 में पढ़ाई छोड़ दी। इसके बावजूद, उनका फाइनेंशियल पोर्टफ़ोलियो बहुत मज़बूत है। 

2 min read
Jun 09, 2026
Nishant kumar
जदयू नेता निशांत कुमार

Nishant Kumar: बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के लिए नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, सभी उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे (affidavits) सामने या चुके हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जदयू उम्मीदवार निशांत कुमार द्वारा दाखिल हलफनामे के अनुसार, उनके पास करोड़ों की अचल संपत्ति और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) हैं। निशांत कुमार के ऊपर न तो कोई कर्ज है और न ही कोई आपराधिक मामला दर्ज है। हालांकि, उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं की है।

इंजीनियरिंग के 8 में से पूरे किए सिर्फ 5 सेमेस्टर

चुनावी हलफनामे के अनुसार, निशांत कुमार की उच्च शिक्षा अधूरी है। उन्होंने 1998 में पटना साइंस कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। इसके बाद, उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) मेसरा में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (कंप्यूटर साइंस) प्रोग्राम में दाखिला लिया। हालांकि, वह कोर्स पूरा नहीं कर सके। उन्होंने कुल आठ सेमेस्टर में से केवल पांच सेमेस्टर पूरे किए और 2001 में अपनी पढ़ाई छोड़ दी।

हाथ में मात्र 17 हजार कैश, पर बैंकों में करोड़ों का निवेश

भले ही निशांत कुमार की पढ़ाई अधूरी रही हो, लेकिन उनका वित्तीय पोर्टफोलियो और नेटवर्थ बेहद मजबूत है। हलफनामे के मुताबिक, निशांत के पास हाथ में केवल 17,409 रुपए कैश हैं। लेकिन उन्होंने बैंकों और सरकारी योजनाओं में काफी निवेश कर रखा है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की बोरिंग रोड शाखा में उनके नाम पर 72,22,805 रुपए की फिक्स्ड डिपॉजिट है। इसके अलावा, एसबीआई सचिवालय शाखा में 48,87,590 रुपए का पीपीएफ, डाकघर में 34,35,170 रुपए का एनएससी और म्यूचुअल फंड में 11,08,318 रुपए का निवेश है। कुल मिलाकर उनकी चल-अचल संपत्ति करीब 4.63 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ललन सिंह ने गिफ्ट किया था आलीशान फ्लैट

अचल संपत्ति की बात करें तो निशांत कुमार के नाम पर उनके पैतृक गांव में करीब 7 एकड़ से अधिक कृषि भूमि है। इसके अलावा, पटना के शास्त्री नगर स्थित शिव राधिका कॉम्प्लेक्स की पांचवीं मंजिल पर उनके पास एक आलीशान फ्लैट है। 2,160 वर्ग फीट के इस घर की मौजूदा कीमत लगभग 91 लाख रुपए है, जो उन्हें जेडीयू नेता ललन सिंह ने गिफ्ट के तौर पर दिया था। वाहनों की बात करें तो उनके नाम पर दो गाड़ियां दर्ज हैं, जिनमें एक 2016 मॉडल हुंडई ग्रैंड आई-10 और एक बिल्कुल नई 2026 मॉडल की किया सेल्टोस शामिल है।

Published on:
09 Jun 2026 10:38 am